Skip to main content

प्रदेश रूचि

राष्ट्रीय वॉविनाम चैंपियनशिप में भानेश्वरी ने जीता गोल्ड, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने किया सम्मान

जम्मू-कश्मीर में शानदार प्रदर्शन कर हासिल किया प्रथम स्थान, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने किया सम्मान; ग्रामीण प्रतिभाओं को सुविधाएं देने पर दिया जोर

कुरदी। ग्राम पंचायत कुरदी की बेटी भानेश्वरी निषाद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जम्मू-कश्मीर में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वॉविनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में भानेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो राज्यों की प्रतिभागी खिलाड़ियों को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अत्यंत गरीब परिवार से आने वाली भानेश्वरी ने सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के प्रति अपने समर्पण और निरंतर मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से ग्राम कुरदी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर ग्रामवासियों ने भानेश्वरी का ढोल-नगाड़ों और आरती के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने किया सम्मान

भानेश्वरी की इस उपलब्धि पर ग्राम कुरदी पहुंचे पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने उनका और उनके माता-पिता का सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भानेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि भानेश्वरी जैसी बेटियों की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज, सरकार और प्रशासन सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

वीरेंद्र साहू ने क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को यदि समय पर सही प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें, तो वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया।

खदान पट्टेदारों ने भी बढ़ाया सहयोग

भानेश्वरी की उपलब्धि से प्रभावित ग्राम पंचायत कुरदी के खदान पट्टेदारों ने भी उनका सम्मान किया और अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने भानेश्वरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह के दौरान भानेश्वरी निषाद ने ग्रामवासियों, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू और खदान पट्टेदारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिला सम्मान और सहयोग उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा नेता टोमन साहू, सरपंच पूनम साहू, पंकज चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच संजय साहू, नोहर साहू, सोमन निषाद, संतोष तारम, शिव देवांगन, केशुराम साहू, छबिलाल कोर्राम, तुकाराम साहू सहित खदान पट्टेदार और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भानेश्वरी निषाद की यह उपलब्धि न केवल ग्राम कुरदी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए यह संदेश भी है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

Related news 

हेड कोच गोपाल यादव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने 25 राज्यों के बीच हासिल किया छठा स्थान, भनेश्वरी ने जीता गोल्ड, सत्यप्रकाश को सिल्वर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!