Skip to main content

प्रदेश रूचि

रक्षाबंधन से पहले मातृशक्ति को मिलेगी बड़ी सौगात: डौण्डीलोहारा में भव्य समारोह, 68 लाख महिलाओं को महतारी वंदन की 31वीं किस्त होगी जारी

बालोद। रक्षाबंधन के पर्व से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए मंगलवार का दिन खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश की मातृशक्ति को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की बड़ी सौगात देंगे। योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं के बैंक खातों में राशि का अंतरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय डौण्डीलोहारा में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सम्मान समारोह में शामिल होकर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों, आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा।

बालोद की 2.45 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के अंतरण का सीधा लाभ बालोद जिले की 2 लाख 45 हजार महिला हितग्राहियों को मिलेगा। महिलाओं के बैंक खातों में राशि पहुंचने से उन्हें आर्थिक रूप से संबल मिलेगा और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।

कुपोषण के खिलाफ भी संदेश

समारोह को केवल महिला सम्मान और आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखा गया है। कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और पोषण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को एक-एक मुनगा पौधा वितरित किया जाएगा। इस पहल के जरिए पोषण, हरियाली और महिला सहभागिता को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जनप्रतिनिधियों के साथ सोमवार को लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंच, सुरक्षा, यातायात, आगंतुकों के बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिहान दीदियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, महिला हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना, एसडीएम शिवनाथ बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!