Skip to main content

प्रदेश रूचि

किसानों की बर्बाद होती फसल देख चिंतित हुईं विधायक संगीता सिन्हा, खेतों में पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा

विधायक संगीता सिन्हा ने धौराभाटा पहुंचकर लिया फसल नुकसान का जायजा, निष्पक्ष सर्वे और शीघ्र मुआवजे की उठाई मांग

बालोद। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और चक्रवाती प्रभाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवाओं और बारिश के चलते खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है, वहीं कई खेतों में पानी भरने से फसल के खराब होने की आशंका भी गहरा गई है। महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी पर संकट मंडराता देख किसान अब अपनी फसल बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।

किसानों की इसी परेशानी को देखते हुए बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने बालोद विकासखंड के ग्राम धौराभाटा पहुंचकर बारिश से प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में उतरकर जमीन पर बिछी धान की फसल का बारीकी से जायजा लिया और स्वयं हाथों से फसल की स्थिति देखकर नुकसान की गंभीरता को समझा।

इस दौरान विधायक ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर बारिश और तेज हवाओं से हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि फसल पककर कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन मौसम की मार ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है। खेतों में बिछी धान की फसल और जलभराव की स्थिति देखकर विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है। ऐसे समय में प्राकृतिक आपदा के कारण फसल को नुकसान पहुंचना किसानों के लिए बेहद पीड़ादायक है। संकट की इस घड़ी में किसानों को राहत और आर्थिक सहयोग मिलना जरूरी है।

विधायक संगीता सिन्हा ने प्रभावित गांवों में तत्काल निष्पक्ष फसल सर्वे कराने, वास्तविक नुकसान का उचित आकलन करने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। उनकी मेहनत और खेती में लगी लागत को ध्यान में रखते हुए राहत प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों के हितों और अधिकारों को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, महामंत्री रोहित सागर, युवा नेता हिमांशु लावत्रे सहित अन्य कांग्रेसजन एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!