Skip to main content

प्रदेश रूचि

रेत परिवहन की मनमानी पर प्रशासन का शिकंजा, ठेकेदार संघ की शिकायत पर निकला समाधान

दूसरे जिलों के वाहनों को रोकने और मनमाना रेट थोपने पर अधिकारियों ने जताई आपत्ति, शासन द्वारा निर्धारित दर पर परिवहन की बनी सहमति; अवैध रोक-टोक और वसूली पर होगी FIR

बालोद। जिले में रेत परिवहन की मनमानी दरों और दूसरे जिलों के वाहनों को परिवहन से रोकने के विवाद पर आखिरकार जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए समाधान की पहल की है। ठेकेदार संघ की शिकायत पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी की मौजूदगी में कॉन्ट्रैक्टर संघ और हाइवा परिवहन संघ के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन को रेत परिवहन से रोकना अथवा मनमाने तरीके से परिवहन दरें निर्धारित करना नियमों के अनुरूप नहीं है। दोनों पक्षों ने शासन द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार रेत परिवहन करने पर सहमति जताई।

दरअसल, जिले में रेत परिवहन की दरों को लेकर कथित मनमानी और अन्य जिलों के वाहनों को परिवहन नहीं करने देने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इस मामले को लेकर जिला कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने जिला जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की थी। ठेकेदार संघ का आरोप था कि हाइवा परिवहन संघ द्वारा परिवहन की दरें मनमाने तरीके से निर्धारित की जा रही हैं तथा दूसरे जिलों के वाहनों को रेत परिवहन करने से रोका जा रहा है। इससे निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अधिकारियों ने स्पष्ट किए नियम, मनमानी दर और वाहन रोकना नियम विरुद्ध

कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित बैठक में जिला खनिज अधिकारी प्रवीण चन्द्राकर एवं जिला परिवहन अधिकारी योगेश कुमार भण्डारी ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन स्वामी को दूसरे जिले का होने के आधार पर रेत परिवहन से वंचित नहीं किया जा सकता। इसी तरह रेत परिवहन के लिए अनुचित अथवा मनमानी दर निर्धारित करना भी नियमों के अनुरूप नहीं है। रेत परिवहन का कार्य शासन द्वारा निर्धारित शुल्क एवं प्रचलित नियमों के अनुसार ही किया जाना होगा।

न किसी पर दर थोप सकेंगे, न जबरन वसूली का अधिकार

बैठक में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई कि किसी भी वाहन स्वामी को रेत परिवहन के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा और परिवहन का कार्य शासन द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार ही होगा। हाइवा संघ के सदस्य भी संघ द्वारा तय दरों को मानने के लिए बाध्य नहीं होंगे। इसके साथ ही संघ के पदाधिकारियों या सदस्यों को किसी भी हाइवा मालिक से जुर्माना अथवा अन्य राशि वसूलने का अधिकार नहीं होगा।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वाहनों की रॉयल्टी जांच का अधिकार खनिज विभाग के पास है। हाइवा संचालक रॉयल्टी जांच के नाम पर किसी वाहन को रोककर पूछताछ नहीं कर सकेंगे। खदान अथवा रास्ते में किसी वाहन को अनधिकृत रूप से रोकने और जबरन वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों को मिलेगी राहत

प्रशासन की इस पहल को जिले में रेत परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ठेकेदारों, वाहन मालिकों और निर्माण सामग्री खरीदने वाले आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब जिले के उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार किसी भी विक्रेता से निर्माण सामग्री खरीदने के लिए स्वतंत्र होंगे। सबसे अहम बात यह है कि परिवहन व्यवस्था में किसी संगठन की मनमानी के बजाय शासन के नियम और निर्धारित शुल्क प्रभावी होंगे।

इस बैठक में जिला ठेकेदार संघ के अध्यक्ष विनोद (बंटी) शर्मा, जाहिद खान, शैलेश सिंह, खेम सिंह राजपुरिया, खेदू साहू, प्रमोद यादव, अनिल चैनानी, धनंजय चंद्राकर, रवि साहू एवं उमा मंत्री सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में ठेकेदार तथा हाइवा परिवहन संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!