बालोद। जिले में रेत परिवहन की दरों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हाइवा परिवहन संघ द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए स्वयं परिवहन दरें निर्धारित करने और दूसरे जिलों के वाहनों को बालोद में रेत परिवहन नहीं करने की अपील किए जाने पर जिला कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। सोमवार को एसोसिएशन ने जिला जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि हाइवा परिवहन संघ इस तरह अपने स्तर पर मनमाने दाम तय नहीं कर सकता। उन्होंने मामले की जांच एवं परीक्षण कर समाधान निकालने के लिए खनिज और परिवहन विभाग को निर्देशित किया है।
दरअसल, बालोद हाइवा परिवहन संघ द्वारा जिले में रेत परिवहन के लिए एक निर्धारित दर सूची जारी की गई है। इसके अनुसार बालोद में 10 चक्का हाइवा से रेत परिवहन के लिए 17 हजार रुपये और 12 चक्का हाइवा के लिए 21 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग दरें तय की गई हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि परिवहन दरों का निर्धारण बिना किसी स्पष्ट वैधानिक आधार और लागत का पारदर्शी विवरण सार्वजनिक किए किया गया है। निर्धारित दर से कम या अधिक लेन-देन करने पर संगठनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

दूसरे जिलों के वाहनों के परिवहन पर रोक की अपील पर आपत्ति
कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने 20 नवंबर 2026 को हाइवा परिवहन संघ द्वारा जारी पत्र को भी अपनी शिकायत का प्रमुख आधार बनाया है। इस पत्र में राजनांदगांव, दुर्ग, डोंगरगांव एवं बेमेतरा जिले के हाइवा मालिकों और ट्रांसपोर्टरों से बालोद जिले में रेत परिवहन नहीं करने की अपील की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से स्वतंत्र परिवहनकर्ताओं की प्रतिस्पर्धा प्रभावित होगी और उपभोक्ताओं को अपनी पसंद से रेत मंगाने की स्वतंत्रता सीमित हो सकती है। किसी एक संगठन के माध्यम से ही परिवहन कराने की बाध्यता उचित नहीं है।
ई-रॉयल्टी और जीएसटी बिलिंग पर भी उठाए सवाल
एसोसिएशन ने शासन द्वारा लागू ऑनलाइन ई-रॉयल्टी एवं परिवहन पास व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रेत के अवैध उत्खनन, कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के साथ कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। आवेदन में 120 रुपये प्रति घनमीटर की दर से 10 घनमीटर रेत की रॉयल्टी 1,200 रुपये होने का उल्लेख करते हुए वास्तविक परिवहन लागत, लोडिंग खर्च और उपभोक्ताओं से वसूली जा रही राशि की जांच की मांग की गई है।
इसके साथ ही रेत परिवहन के एवज में ग्राहकों और ठेकेदारों को विधिवत जीएसटी बिल एवं भुगतान की रसीद उपलब्ध नहीं कराने संबंधी शिकायत भी की गई है। एसोसिएशन ने खनिज विभाग और जीएसटी विभाग से रॉयल्टी चालान, परिवहन दस्तावेजों तथा बिलिंग व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

खनिज, परिवहन और दोनों संघों की होगी बैठक
कलेक्टर के निर्देश के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी ने भी कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से चर्चा की। परिवहन अधिकारी ने कहा कि इस मामले में खनिज विभाग, कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन और हाइवा परिवहन संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों और निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों को उचित मूल्य पर रेत, गिट्टी एवं अन्य भवन निर्माण सामग्री उपलब्ध हो, इसे ध्यान में रखते हुए सभी पक्षों से चर्चा की जाएगी।
जनहित में पारदर्शी व्यवस्था की मांग
जनदर्शन में शिकायत प्रस्तुत करने के दौरान जिला कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंटी शर्मा, शैलेश सिंह, संतोष साहू, दीपेश जैन, खेम रायपुरिया, महेश पाठक, गजेंद्र साहू, देवेंद्र साहू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। एसोसिएशन ने मांग की है कि परिवहन दरों की वैधानिकता की जांच कर स्वतंत्र परिवहन व्यवस्था, उचित प्रतिस्पर्धा और ई-रॉयल्टी एवं जीएसटी बिलिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। अब विभागीय जांच और प्रस्तावित बैठक के बाद ही रेत परिवहन को लेकर बने विवाद के समाधान की तस्वीर स्पष्ट होगी।













