Skip to main content

प्रदेश रूचि

सफाई के दौरान दो कर्मचारियों पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी हिरासत में

बालोद /डौण्डी। डौण्डी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह शहर की सफाई में जुटे दो कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पूर्व में हुए विवाद को लेकर कथित तौर पर सफाईकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और टंगिया से हमला कर दिया। घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं। मामले में डौण्डी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक डौण्डी थाना में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में प्रार्थी रम्हऊ राम भुआर्य (46), निवासी बंधिया पारा डौण्डी ने बताया कि वह 22 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे प्रेमलाल भुआर्य, कैलाश, ओमू और दमन के साथ डौण्डी शहर में सफाई कार्य कर रहा था। सुबह करीब 7 बजे सभी बाजार चौक स्थित मछली पसरा की सफाई में जुटे थे।

इसी दौरान डौण्डी निवासी गिरवर देवहारी मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथ धारदार टंगिया लेकर आया था और प्रार्थी तथा प्रेमलाल भुआर्य से पूर्व में हुई गाली-गलौज की बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए रम्हऊ राम भुआर्य के सिर और गर्दन पर टंगिया से वार किया। इसके बाद प्रेमलाल भुआर्य की पीठ पर भी टंगिया से हमला किए जाने का आरोप है।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान वहां मौजूद कैलाश, ओमू, दमन और संजीव मानकर ने पूरी घटना देखी और सुनी। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही डौण्डी थाना पुलिस सक्रिय हुई और प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में घायल पक्ष के बयान एवं अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। घटना में प्रयुक्त हथियार और हमले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!