बालोद। गंगासागर गार्डन में ब्राह्मण समाज की महिलाओं द्वारा सावन उत्सव एवं सावन मिलन कार्यक्रम उत्साह, उमंग और श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की महिलाओं ने अपने आराध्य भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना से की। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक अंदाज में सावन मिलन का आनंद लिया।
सावन उत्सव के दौरान महिलाओं ने आकर्षक ढंग से सावन झूला सजाया और झूला झूलकर पर्व की खुशियां मनाईं। पारंपरिक परिधान और उत्सवी माहौल के बीच महिलाओं ने आपसी मेल-जोल एवं सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का संदेश दिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
सावन मिलन कार्यक्रम के पश्चात ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गंगासागर गार्डन परिसर में पौधरोपण किया गया। समाज की महिलाओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल शुरुआत है, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
ब्राह्मण समाज महिला अध्यक्ष दीप्ति शर्मा ने कहा कि पेड़ लगाना आसान है, लेकिन उसे बड़ा करना और उसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज की महिलाएं संकल्प लेती हैं कि लगाए गए पौधों का बच्चों की तरह पालन-पोषण करेंगी। जब तक ये पौधे बड़े होकर वृक्ष नहीं बन जाते, तब तक उनकी नियमित देखभाल की जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार से नष्ट नहीं होने दिया जाएगा।

शिव-पार्वती की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
कार्यक्रम के दौरान भगवान शंकर एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती से बालोद सहित पूरे क्षेत्र के लोगों, जीव-जंतुओं और समस्त प्राणियों के सुखी, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की प्रार्थना की।
सावन के पवित्र महीने में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में महिलाओं ने आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के समापन पर समाज की महिलाओं ने भविष्य में भी सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज महिला अध्यक्ष दीप्ति शर्मा के साथ संदीप शर्मा, नीति मिश्रा, रंजीत उपाध्याय, अस्मिता शर्मा, सत्यभामा मिश्रा, दुर्गा जोशी, पदमा पांडे, उपमा पांडे, रीता पाठक, अदिति दुबे, सीमा, ज्योति, राखी, माधुरी, कुसुम, भूमिका, कल्याणी, गंगा शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।






