Skip to main content

प्रदेश रूचि

स्वच्छता का संदेश देने वाले सरकारी आयोजन के बाद स्टेडियम में पसरी गंदगी, 14 दिन से सफाई का इंतजार!छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, पहले ही दिन बालोद में 24,890 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी, प्रदेश के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जनधान खरीदी से कोयला खदानों तक सरकार पर बैज का सियासी प्रहार, किसानों की परेशानी और आदिवासियों के अधिकारों को बनाया मुद्दाबालोद में जल संसाधन विभाग की लापरवाही की इंतहा! अधिकारी बने मूकदर्शक, ठेकेदारों की जवाबदेही गायब, बदहाल सड़क सुधारने अपनी जेब से खर्च कर मैदान में उतरे किसान!तांदुला नदी पुल के नीचे चल रहा था नशे का गुप्त कारोबार, पुलिस की दबिश में 464 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

स्वच्छता का संदेश देने वाले सरकारी आयोजन के बाद स्टेडियम में पसरी गंदगी, 14 दिन से सफाई का इंतजार!

सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम बना सरकारी आयोजनों का केंद्र, खिलाड़ियों की सुविधाएं और खेल गतिविधियां हो रहीं नजरअंदाज; 2 नवंबर के राज्योत्सव के बाद मैदान में बिखरी झूठी प्लेटें और मिट्टी के ढेर प्रशासनिक व्यवस्था की खोल रहे पोल

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम इन दिनों अपनी बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर चर्चा में है। विडंबना देखिए कि 2 नवंबर को इसी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित शासकीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश भी दिया गया, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के 14 दिन बाद भी आयोजन स्थल की सफाई नहीं कराई जा सकी है। मैदान में जगह-जगह बिखरी झूठी भोजन की प्लेटें, कचरा और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी के लिए लाई गई मिट्टी के ढेर प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं। स्वच्छता का संदेश देने वाले आयोजन के बाद स्टेडियम की यह तस्वीर अब जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

दरअसल, सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम का उपयोग स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों द्वारा नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक अभ्यास के लिए किया जाता है। यहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते हैं, वहीं पुलिस, सेना और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवा दौड़ एवं अन्य शारीरिक अभ्यास करते हैं। इसके अलावा फुटबॉल और क्रिकेट के खिलाड़ी भी इसी मैदान पर अभ्यास करते हैं। लेकिन मौजूदा हालात में इन सभी को गंदगी और अव्यवस्थाओं के बीच अपनी गतिविधियां संचालित करनी पड़ रही हैं।

राज्योत्सव के बाद मैदान में छूट गई अव्यवस्थाओं की निशानी

2 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में शासकीय आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पंडाल और प्रदर्शनी लगाई गई थी। आयोजन में शामिल शासकीय कर्मचारियों एवं अन्य लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी इसी मैदान में की गई थी। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भोजन के लिए उपयोग की गई झूठी प्लेटें और अन्य कचरा मैदान में ही छोड़ दिया गया। यही नहीं, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा अपनी प्रदर्शनी के लिए लाई गई मिट्टी के ढेर को भी व्यवस्थित तरीके से हटाने के बजाय मैदान में ही छोड़ दिया गया।

हैरानी की बात यह है कि आयोजन को समाप्त हुए करीब 14 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मैदान की समुचित सफाई नहीं कराई गई है। आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं और तैयारियों में सक्रिय नजर आने वाला प्रशासन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मैदान की बदहाली से बेखबर दिखाई दे रहा है। नतीजतन, जिस मैदान का उपयोग शहर के खिलाड़ी और युवा अपनी शारीरिक क्षमता विकसित करने के लिए करते हैं, वही मैदान अब गंदगी और अव्यवस्था का शिकार है।

पहले भी कई आयोजनों के बाद सामने आ चुकी है यही तस्वीर

यह पहला मौका नहीं है जब सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में किसी शासकीय या प्रशासनिक आयोजन के बाद इस तरह की स्थिति निर्मित हुई हो। इससे पहले 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह और 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के बाद भी मैदान में गंदगी और अव्यवस्थाओं की स्थिति देखने को मिली थी। आयोजनों के दौरान स्टेडियम का उपयोग बड़े कार्यक्रमों के लिए किया जाता है, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मैदान को पूर्व की स्थिति में लाने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी मानो किसी की प्राथमिकता में नहीं रहती।

खेल सुविधाओं की मांग पर खिलाड़ियों के पत्राचार भी बेअसर

स्टेडियम की बदहाल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय खिलाड़ी लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं। खिलाड़ियों द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित शासन-प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों तक कई बार पत्राचार कर खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की जा चुकी है। बावजूद इसके नगर पालिका, खेल विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। इसके उलट खेल गतिविधियों के लिए विकसित किए जाने वाले इस मैदान का उपयोग लगातार राजनीतिक एवं प्रशासनिक आयोजनों के लिए बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम का मूल उद्देश्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराना है। यदि यहां सरकारी आयोजन किए जाते हैं तो आयोजन के तत्काल बाद मैदान की सफाई और खेल गतिविधियों के अनुकूल व्यवस्था बहाल करना भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

खेल मैदान या सरकारी आयोजन स्थल, जिम्मेदारी तय करने की जरूरत

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम को खेल सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने की जिम्मेदारी किस विभाग की है? क्या स्टेडियम का उपयोग केवल सरकारी आयोजनों और राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित रह जाएगा, या फिर यहां के खिलाड़ियों को भी उनकी जरूरत के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी? स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि प्रशासन को तय करना होगा कि वह इस परिसर को खेल मैदान के रूप में विकसित करना चाहता है या फिर इसे सरकारी आयोजनों का स्थायी स्थल बनाकर छोड़ देना चाहता है।

बहरहाल, 2 नवंबर के राज्य स्थापना दिवस आयोजन के 14 दिन बाद भी स्टेडियम में पसरी गंदगी प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब तक इस अव्यवस्था पर संज्ञान लेते हैं और खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम को फिर से स्वच्छ, व्यवस्थित और खेल गतिविधियों के अनुकूल बना पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!