Skip to main content

प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, पहले ही दिन बालोद में 24,890 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी, प्रदेश के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जनधान खरीदी से कोयला खदानों तक सरकार पर बैज का सियासी प्रहार, किसानों की परेशानी और आदिवासियों के अधिकारों को बनाया मुद्दाबालोद में जल संसाधन विभाग की लापरवाही की इंतहा! अधिकारी बने मूकदर्शक, ठेकेदारों की जवाबदेही गायब, बदहाल सड़क सुधारने अपनी जेब से खर्च कर मैदान में उतरे किसान!तांदुला नदी पुल के नीचे चल रहा था नशे का गुप्त कारोबार, पुलिस की दबिश में 464 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तारबालोद में जर्जर बिजली के खंभे दे रहे हादसों को न्योता, मुक्तिधाम मार्ग पर भी खतरा,भाजयुमो नेता ने सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, पहले ही दिन बालोद में 24,890 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी, प्रदेश के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन

बालोद। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज होते ही प्रदेशभर के खरीदी केंद्रों में रौनक लौट आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 15 नवंबर को धरमजयगढ़ से धान खरीदी का शुभारंभ किया। वहीं बालोद जिले में भी सभी 161 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन जिले में 750 किसानों से कुल 24,890.80 क्विंटल धान की खरीदी की गई, जबकि 848 किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए। खरीदी के पहले दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे।

प्रदेश सरकार ने इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है। वहीं मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे कम उत्पादन वाले जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के किसानों को विशेष राहत मिलेगी।

औराभाठा केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ शुरुआत

बालोद स्थित औराभाठा सेवा सहकारी समिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले भगवान बलराम, छत्तीसगढ़ महतारी और तराजू-बांट की पूजा कर किसानों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू की पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य शुरू किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष, समिति प्रबंधन और क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यज्ञदत्त शर्मा ने धान खरीदी को किसानों का त्योहार बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का विशेष महत्व है। सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ऐसी व्यवस्था की गई है कि फसल प्रभावित होने अथवा कम उत्पादन की स्थिति में भी पात्र किसानों को निर्धारित आदान सहायता राशि का पूरा लाभ मिल सकेगा।

प्रदेश के 33 जिलों में 3,095 खरीदी केंद्रों की व्यवस्था

राज्य सरकार ने इस खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 27.50 लाख किसानों से धान खरीदी के लिए प्रदेशभर में 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए हैं। 15 नवंबर तक इनमें से 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके थे, जबकि 1,606 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो गई थी। पहले दिन प्रदेश में कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया। इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा, 80,489.60 क्विंटल पतला और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।

खरीदी के शुरुआती आंकड़ों में बालोद अग्रणी जिलों में शामिल

प्रदेश के शुरुआती खरीदी आंकड़ों में बालोद जिला भी अग्रणी जिलों में शामिल रहा। जिले के सभी 161 केंद्रों में टोकन जारी किए गए और पहले ही दिन 750 किसानों से 24,890.80 क्विंटल धान की खरीदी हुई। राजनांदगांव जिले में 26,464.40 क्विंटल और महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया।

धान खरीदी के पहले दिन की उत्साहजनक शुरुआत से किसानों में उम्मीद जगी है। अब किसानों की निगाहें खरीदी केंद्रों में बेहतर व्यवस्था, समय पर भुगतान और सुचारू उपार्जन प्रक्रिया पर टिकी हैं। सरकार के सामने भी आगामी दिनों में लाखों किसानों की उपज का व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से उपार्जन सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!