Skip to main content

प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दमआधी रात में दुकान ध्वस्त करने का आरोप: कोर्ट के आदेश पर उठे सवाल, तहसीलदार के फैसले के बाद निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांगडौंडीलोहारा में 25 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रस्तावित दौरा, 5 हजार महिलाओं के सम्मान की तैयारीखेल प्रतिभाओं को सरकार का बड़ा तोहफा: 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिली शासकीय सेवा में नियुक्ति, बालोद के खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया जिले का मानबालोद आबकारी विभाग में बड़ी कार्रवाई: उप निरीक्षक आशा राम शाक्य निलंबित, सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन पर विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दम

बिलासपुर के खेलो इंडिया सेंटर की मधु सिदार और गीता यादव का राष्ट्रीय टीम में चयन, उप मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

बिलासपुर, । छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो होनहार खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

यह उपलब्धि न केवल दोनों खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है, बल्कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी बड़ी सफलता मानी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर राष्ट्रीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दोनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

मधु सिदार: छोटे गांव से टीम इंडिया तक का प्रेरक सफर

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया।

मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 में आंध्रप्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था।

वह इस वर्ष मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह भारतीय जूनियर टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में बेंगलुरु में अभ्यास कर रही हैं।

गीता यादव: अंतरराष्ट्रीय अनुभव से मजबूत हुई टीम इंडिया की उम्मीद

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती बारीकियां कोच शिवा चौहान से सीखीं। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पहचान बनाई।

गीता ने वर्ष 2024 में पहली बार भारतीय जूनियर टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे में देश का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वह अर्जेंटीना दौरा (2025) तथा हाल ही में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरा (2026) में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव उन्हें जूनियर एशिया कप में टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनाता है।

छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा

मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह सफलता बताती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी उचित प्रशिक्षण, समर्पण और अवसर मिलने पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप पर होंगी, जहां छत्तीसगढ़ की ये दोनों बेटियां तिरंगे की शान बढ़ाने के साथ देश को पदक दिलाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!