एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम राजपूत को 6 अगस्त की रात सूचना मिली कि ग्राम पीपरछेड़ी-निपानी मार्ग से एक पिकअप वाहन में गाय एवं बछड़ों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर वध के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन भगाकर फरार हो गया। कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर उसमें सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन क्रमांक CG 24 U 3263 को कब्जे में लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 6 गाय और 2 बछड़े अत्यंत दयनीय स्थिति में बिना चारा-पानी के ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी देखभाल के लिए बालोद गौशाला भेज दिया। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये, जबकि वाहन सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 10 लाख 70 हजार रुपये बताया गया है।
बालोद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0418/2026 दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच करते हुए यह भी पता लगा रही है कि मवेशियों को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था तथा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।













