गुरूर ब्लॉक की स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा, कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश
बालोद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
गुरूर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तार से आकलन किया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके, जिला अस्पताल के मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. श्रीमाली, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने गुरूर विकासखंड के प्राथमिक एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों में किए जा रहे बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को आगामी 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित करने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वहीं कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

टीबी मुक्त गुरूर बनाने पर विशेष जोर
कलेक्टर ने टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से संदिग्ध मरीजों की पहचान, सैंपल कलेक्शन और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और गुरूर विकासखंड को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जाएं।
संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश, अनावश्यक रेफरल पर नाराजगी
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपस्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना ठोस चिकित्सीय कारण के मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र बड़भूम, सोंहपुर और खुदनी में संस्थागत प्रसव की बेहतर उपलब्धियों की सराहना करते हुए यहां पदस्थ कर्मचारियों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
बड़भूम उपस्वास्थ्य केंद्र में केवल एक ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक के कार्यरत होने पर उन्होंने अतिरिक्त सहयोगी स्टाफ की पदस्थापना के निर्देश भी दिए। वहीं संस्थागत प्रसव में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य
बैठक में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों के प्राचार्यों के माध्यम से आवश्यक समन्वय स्थापित करने के लिए कहा।

कुष्ठ, कैंसर, डायबिटीज और मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष फोकस
समीक्षा बैठक में कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, मुंह एवं स्तन कैंसर की जांच, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन सभी जांचों को नियमित रूप से संचालित किया जाए ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सके।
मौसमी और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने के निर्देश
बरसात के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने मौसमी और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का कार्य सीधे लोगों के जीवन से जुड़ा है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विकासखंडों में नियमित समीक्षा जारी रहेगी, ताकि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
बैठक के अंत में गुरूर विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलेक्टर दिव्या मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।




















