सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान में बालोद की शामिली पर यशवंत जैन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, कहा – जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे महत्वाकांक्षी ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ में बालोद जिले को शामिल किए जाने पर प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बालोद जिले के समग्र विकास, सुशासन को मजबूत करने और आम नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
यशवंत जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्लानार योजना’ की सफलता के बाद अब सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के माध्यम से प्रदेश की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। इससे गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रदेश भाजपा महामंत्री ने बताया कि अभियान के तहत तकनीक आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, शिकायतों का त्वरित निराकरण होगा और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि इससे शासन और जनता के बीच विश्वास का संबंध और अधिक मजबूत होगा।
यशवंत जैन ने कहा कि बालोद जिले को इस महत्वाकांक्षी अभियान में शामिल किया जाना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे विकास कार्यों में गति आएगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ और अधिक सरलता से मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करते हुए देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बालोद जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से जिले में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचेगा।




















