बालोद। जिले के जगतरा टोल प्लाजा में आरटीओ एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित वाहन जांच एवं चालानी अभियान का प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच अभियान की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया, अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आम नागरिकों को होने वाली संभावित परेशानियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने वाहन जांच, दस्तावेज सत्यापन, चालान प्रक्रिया और अभियान के उद्देश्य की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हालांकि यह भी आवश्यक है कि पूरी कार्रवाई पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमसम्मत हो तथा किसी भी नागरिक के साथ अनावश्यक कठोरता या असम्मानजनक व्यवहार न किया जाए।
विधायक संगीता सिन्हा ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों एवं आम नागरिकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। कई वाहन चालकों ने जांच के दौरान लगने वाले समय, दस्तावेज संबंधी प्रक्रियाओं तथा अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराया। इस पर विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच अभियान इस प्रकार संचालित किया जाए जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक वाहन चालक को हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। लेकिन कानून के पालन के नाम पर आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है। प्रशासन को संवेदनशीलता, संयम और जनहित की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं और सुविधाओं का ध्यान रखना उनकी प्राथमिकता है। यदि किसी नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो उसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाकर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, आरटीओ एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विधायक संगीता सिन्हा ने भरोसा दिलाया कि जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाएगा तथा आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।




















