प्रदेश रूचि

खलारी चक्काजाम मामले में 35 नामजद समेत अन्य ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज, पटवारी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

बालोद। जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खलारी में राजस्व संबंधी मांगों को लेकर किए गए चक्काजाम आंदोलन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 नामजद आरोपियों सहित अन्य ग्रामीणों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। यह मामला 17 जून 2026 का है, जिसमें ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों पर प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा मुख्य मार्ग को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुण्डरदेही थाना में अपराध क्रमांक 191/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 190 एवं 221 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत राजस्व पटवारी कोमल राम साहू ने दर्ज कराई है।

एफआईआर के अनुसार, 17 जून की दोपहर लगभग 11:15 बजे से शाम 8 बजे तक ग्राम खलारी के बाईपास तिराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर धमतरी–गुण्डरदेही मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दोपहिया, चारपहिया, यात्री एवं मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया। ग्रामीण अपनी राजस्व संबंधी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें शासकीय कार्य के सिलसिले में ग्राम खलारी पहुंचना था, लेकिन सड़क जाम होने के कारण वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर सके। मौके पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को न्यायालय में लंबित प्रकरण की जानकारी देते हुए समझाइश दी, किंतु प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

एफआईआर के अनुसार बाद में अनुविभागीय अधिकारी ने प्रतिनिधियों को विश्राम गृह में चर्चा के लिए आमंत्रित किया, लेकिन ग्रामीण वहां भी नहीं पहुंचे और धरनास्थल पर डटे रहे। देर शाम लगभग 8 बजे प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ग्रामीण अपने-अपने घर लौटे, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने इस मामले में बीरबल साहू, खूबलाल साहू, लक्ष्मीकांत साहू, इंद्राणी ठाकुर, नम्रता साहू, मनोज साहू, डिकेश्वर साहू, नरेंद्र साहू, रामेश्वर साहू, जितेन्द्र साहू, कामता यादव, दानी यादव, मनीष ठाकुर, ईश्वरी साहू, सतरूपा यादव, ताराचंद निषाद, पीताम्बर सेन, कोमल सेन, भूषण साहू, नवीन साहू, अशोक साहू, युवराज साहू, बेनीराम विश्वकर्मा, हितेश कुमार साहू, जागेश्वर साहू, पदुम लाल साहू, रमेसर साहू, राकेश यादव, लोकेश्वर यादव, रामकृष्ण साहू, डोलेन्द्र साहू, डोमन साहू, खिलेन्द्र साहू, मेघनाथ साहू सहित अन्य ग्रामीणों को आरोपी बनाया है।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने से आम नागरिकों के साथ-साथ शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन और शासकीय कार्य प्रभावित हुए। मामले की विवेचना थाना गुण्डरदेही पुलिस द्वारा की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!