अभनपुर में होगा आवासीय प्रशिक्षण शिविर, संगठन सृजन के बाद नेतृत्व को मिलेगा राजनीतिक और सामाजिक प्रशिक्षण
रायपुर,। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मार्गदर्शन में प्रदेश के नव-नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 20 जून से 29 जून तक अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसोर्ट में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन संचालन, जनसंपर्क, सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों और फील्ड विजिट के माध्यम से जिला अध्यक्षों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि यह पूर्णतः आवासीय प्रशिक्षण शिविर होगा, जिसमें एआईसीसी का प्रशिक्षण विभाग जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती, जनआंदोलनों के संचालन और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण देगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी कराया जाएगा।
21 जून को प्रशिक्षण शिविर पहुंचेंगे राहुल गांधी
दीपक बैज ने जानकारी दी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:45 बजे प्रशिक्षण स्थल अभनपुर पहुंचकर शाम 5:30 बजे तक जिला अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे और प्रशिक्षण सत्र में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शाम 6:45 बजे नियमित विमान से नई दिल्ली रवाना होंगे।
बैज ने बताया कि शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट और प्रभारी सचिव भी उपस्थित रहेंगे। वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिए नई दिशा देगा।
केदार कश्यप के बयान पर कांग्रेस का तीखा हमला
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा मंत्री केदार कश्यप द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के प्रति इस प्रकार की भाषा न केवल अभद्र है बल्कि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति को भी उजागर करती है। बैज ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी कोई जिम्मेदार मंत्री नहीं कर सकता और भाजपा को अपने मंत्री के बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा सरकार पर नशे के बढ़ते कारोबार का आरोप
दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान देशभर में “धान के कटोरे” के रूप में रही है, लेकिन भाजपा सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की छवि नशे और शराब के बढ़ते कारोबार से प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अफीम और गांजे की खेती, अवैध शराब का कारोबार तथा नशे का फैलाव चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है।
बैज ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ में अतिथियों का स्वागत धान से तौलकर किया जाता था, लेकिन अब भाजपा नेताओं के बयान प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की गौरवशाली पहचान को नुकसान पहुंचाया है और जनता के सामने कानून-व्यवस्था तथा नशे पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आने वाले समय में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा प्रशिक्षण शिविर इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




















