शपथ ग्रहण कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि इसमें शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निर्वाचन को लेकर हाईकोर्ट के हालिया फैसले पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी और सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान किया।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष यानेश साह सहित सभी पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद जनप्रतिनिधियों ने नगर के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उपस्थित अतिथियों ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

हाईकोर्ट के फैसले पर बोले भूपेश, सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
पलारी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान अपने निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर आए हाईकोर्ट के फैसले को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करेंगे और न्यायिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे।

गौरतलब है कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने पाटन विधानसभा सीट से भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देते हुए चुनाव याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार समाप्त होने के बाद भी पाटन क्षेत्र में रोड शो और रैली आयोजित कर आचार संहिता तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 का उल्लंघन किया गया। याचिकाकर्ता की ओर से इस संबंध में वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया गया है।
हाल ही में हाईकोर्ट ने भूपेश बघेल द्वारा दायर उस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसमें चुनाव याचिका को प्रारंभिक स्तर पर ही निरस्त करने की मांग की गई थी। अब मामले की सुनवाई मेरिट के आधार पर होगी। इस निर्णय के बाद भूपेश बघेल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के संकेत दिए हैं।

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी से बना शक्ति प्रदर्शन का मंच
पलारी नगर पंचायत का शपथ ग्रहण समारोह कांग्रेस के लिए राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का अवसर भी बन गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक अनिला भेड़िया, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, विधायक संगीता सिन्हा, विधायक अंबिका मरकाम, विधायक सावित्री मंडावी, विधायक ओंकार साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी, पूर्व विधायक लेखराम साहू तथा पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से नगर के सर्वांगीण विकास और जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, युवा और आम नागरिक अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरोसा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष यानेश साह ने अपने संबोधन में नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने नगर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, पेयजल, सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की टीम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उत्साह और स्वागत से गूंजा पलारी
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और अभिनंदन के साथ स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताते हुए नगर के विकास के लिए नई शुरुआत का प्रतीक बताया।




















