बालोद। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय सोमवार को बालोद पहुंचे, जहां भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, विश्वास और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय बताया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, गरीब कल्याण योजनाओं, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र की भूमिका को विस्तार से रखा।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल केवल शासन का नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनविश्वास का काल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं को “प्रधान सेवक” मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर कार्य करते हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज देश की विकास यात्रा का आधार बन चुका है।
गरीब कल्याण योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर में सुधार के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। कोरोना महामारी के दौरान और उसके बाद भी करोड़ों जरूरतमंदों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिली, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को पक्के घर का सपना पूरा करने का अवसर दिया। उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं को धुएं से राहत दिलाई तो जल जीवन मिशन ने घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के जरिए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप मिला।
किसानों, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को मिला संबल
सांसद पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया है। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि योजना के जरिए छोटे व्यापारियों, कारीगरों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
नया भारत मजबूत, आत्मविश्वासी और सुरक्षित
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई देश या संगठन उसकी सुरक्षा को चुनौती देता है तो उसे करारा जवाब भी देता है।
उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य क्षमता, कूटनीतिक प्रभाव और वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। वैक्सीन मैत्री अभियान, जी-20 की सफल अध्यक्षता और बढ़ते विदेशी निवेश इस बदले हुए भारत की पहचान हैं।

सांस्कृतिक विरासत को मिला नया गौरव
सांसद पाण्डेय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास के साथ देश की सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने बताया कि राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई और डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया गया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और सेंगोल की स्थापना जैसे कदम देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने वाले हैं।
छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र की अहम भूमिका
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा मिली है। राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण किया जा रहा है और पूर्व में वंचित परिवारों को भी इसका लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। उड़ान योजना के माध्यम से आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनाने का प्रयास हुआ है। वहीं किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्राम पंचायत से संसद तक भाजपा की जीत का दावा
मीडिया संवाद के दौरान सांसद संतोष पाण्डेय ने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक लगातार चुनावी सफलताएं हासिल की हैं, जबकि कांग्रेस को लगातार पराजय का सामना करना पड़ा है। उनका दावा था कि आज देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा या भाजपा समर्थित सरकारें कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू कर “वन नेशन, वन टैक्स” की व्यवस्था दी गई, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली और भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, संभाग प्रभारी अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे, जिला मंत्री प्रेम साहू, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




















