प्रदेश रूचि

निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुने गए संजोग टावरी, संगठन को मजबूत बनाने और समाज के जीवनस्तर में सुधार का लिया संकल्प

राजनांदगांव/बालोद। राजनांदगांव जिला माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव प्रक्रिया में बालोद के समाजसेवी संजोग टावरी को निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव गोविंद मलानी ने रखा, जबकि पवन डागा ने उसका समर्थन किया। सर्वसम्मति से हुए इस चयन के बाद समाजजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव जिला माहेश्वरी समाज के अंतर्गत राजनांदगांव, डोंगरगढ़, बालोद और डोंगरगांव क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में संजोग टावरी का यह चयन इन चारों क्षेत्रों के समाजजनों के विश्वास और एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी सूर्यकांत चितलांग्या और ब्रजकिशोर सुरजन ने किया, जबकि दुर्ग के राजकुमार केला ने पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभाई।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष पवन डागा, वर्तमान अध्यक्ष आशिष चितलांगिया, सचिव आनंद लोहिया, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद मलानी, पूर्व जिला सचिव गगन लड्डा, डोंगरगढ़ अध्यक्ष सुनील तापड़िया, सचिव मनीष दरगढ़, बालोद माहेश्वरी समाज अध्यक्ष स्वरूप राठी सहित नरेंद्र लोहिया, रवि जाजू, प्रमोद पनपालिया, दानेश्वर तापड़िया, मनीष राठी, पवन गांधी, रीतेश चांडक और तरुण राठी उपस्थित रहे। वहीं डोंगरगांव से अध्यक्ष जगदीश गांधी, सचिव सुनील टावरी, विकास मुंदड़ा और गोपाल टावरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे।

अपने स्वीकृति संबोधन में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजोग टावरी ने समाज के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा समाज के लोगों के जीवनस्तर में सकारात्मक सुधार लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

उनके निर्वाचन पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मूंदड़ा (रायपुर), महामंत्री नंदकिशोर राठी (कोरर), जगदीश चांडक (दुर्ग), सुषमा राठी (राजनांदगांव), प्रादेशिक महिला संगठन अध्यक्ष रूपा मूंदड़ा (डोंगरगढ़), निवृत्तमान अध्यक्ष शशि गट्टानी सहित माहेश्वरी समाज बालोद के पदाधिकारियों और समाजजनों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का संचालन सूर्यकांत चितलांग्या ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला सचिव गगन लड्डा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!