
बालोद शहर के हृदय स्थल स्थित शिव मंदिर, पुराना बस स्टैंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम पूरे दिन श्रद्धा, उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सायंकाल रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के एकत्रीकरण के साथ हुई। इसके बाद भाजपा द्वारा एक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
डीजे की धुनों, देशभक्ति गीतों और जोशीले नारों के बीच निकली बाइक रैली ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। भाजपा के झंडों से सजी रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने “भाजपा जिंदाबाद”, “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए कार्यकर्ताओं ने आमजन को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी दी।

बाइक रैली के समापन के बाद कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचे, जहां राष्ट्र की समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक वातावरण के बीच देश के उज्ज्वल भविष्य और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रार्थनाएं भी की गईं।
इसके पश्चात शिव मंदिर परिसर में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सायं 5 बजे प्रारंभ हुआ सुंदरकांड पाठ रात्रि 8 बजे तक चला। सुंदरकांड के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और श्रीहनुमान जी के भजनों एवं चौपाइयों का सामूहिक गायन कर अपनी धार्मिक आस्था का परिचय दिया।
सुंदरकांड पाठ के समापन पर भगवान श्रीरामचंद्र जी और श्रीहनुमान जी की विधिवत आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके बाद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, जिला महामंत्री राकेश “छोटू” यादव, शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, जिला मंत्री प्रेम साहू, निशा योगी, मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, प्रदेश युवा मोर्चा प्रशिक्षण सह प्रमुख संजय सानू, युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष राहुल सोनी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं की अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता, धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमामयी प्रस्तुति और संगठनात्मक एकजुटता के कारण यह आयोजन बालोद में एक भव्य, सफल और यादगार कार्यक्रम के रूप में संपन्न हुआ।




















