प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले पर पानी डालकर उसे जलने से रोक दिया, जिससे पुतला दहन नहीं हो सका। इस विरोध प्रदर्शन में संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

इससे पहले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने राजीव भवन बालोद में आयोजित पत्रकारवार्ता में दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक चंद्राकर (ताम्रकार) के फार्महाउस में करीब 9.50 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विनायक चंद्राकर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान में राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण के बिना इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती संभव नहीं है। उनका कहना है कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद जुआ, सट्टा, शराब और नशे के कारोबार में बढ़ोतरी हुई है और सत्ता से जुड़े लोग इसे संरक्षण दे रहे हैं। कांग्रेस ने पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग भी की।
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और नशीली दवाएं तथा प्रतिबंधित गोलियां खुलेआम बिक रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े 2599 प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें से अधिकांश सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर हुए, जबकि सरकार का खुफिया तंत्र और प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि 10 से 17 वर्ष तक के नाबालिग बच्चे बड़ी संख्या में नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, जिससे समाज के भविष्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे के तस्करों और बिचौलियों को संरक्षण मिल रहा है।
वहीं केंद्र सरकार द्वारा 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी पर भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि रसोई गैस आम जनता और गृहणियों की दैनिक जरूरत है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बालोद में जो घरेलू गैस सिलेंडर पहले 945 रुपये में मिल रहा था, अब उसकी कीमत बढ़कर 1005 रुपये हो गई है। साथ ही आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई। कांग्रेस ने बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, महामंत्री मेघनाथ साहू, विनोद टावरी, पार्षद कासिमुद्दीन कुरैशी, विनोद बंटी शर्मा, निर्देश पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद्मिनी साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















