प्रदेश रूचि

भारत बना टी-20 का बादशाह: न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार जीता विश्वकप, देशभर में जश्न

भारत बना टी-20 का बादशाह: न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार जीता विश्वकप, देशभर में जश्न
बालोद। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी-20 विश्वकप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार विश्वकप का खिताब अपने नाम कर लिया। जिस मैदान पर पहले भारतीय टीम का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं माना जाता था, उसी मैदान पर टीम इंडिया ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया।


फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी-20 विश्वकप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी माना जा रहा है। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक छक्के और चौके शामिल रहे। वहीं अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में तेजतर्रार 52 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मध्यक्रम में ईशान किशन और शिवम दुबे ने भी उपयोगी रन जोड़ते हुए टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।


255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सेफर्ट ने 52 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके अलावा अक्षर पटेल ने 3 विकेट और वरुण चक्रवर्ती ने भी किफायती गेंदबाजी कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। बालोद जिले के भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस आत्मविश्वास और जुझारूपन के साथ खेला, उसने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि टीम इंडिया की यह जीत भारतीय क्रिकेट की ताकत और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।
लघु वनोपज समिति छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि यह जीत देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और खिलाड़ियों ने देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि भारत विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
इसी तरह राकेश यादव (छोटू), पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू और जनसेवक राकेश यादव ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का दिल जीत लिया है।

वहीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष समीर खान, प्रदेश मंत्री अकबर तिगाला, स्वाधीन जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवरी विवेक वैष्णव तथा डौंडी-डौंडीलोहारा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने भी भारतीय टीम को विश्वकप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है और यह जीत भारतीय खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!