प्रदेश रूचि

बालोद लीड कॉलेज में परीक्षा में चूक: फर्स्ट सेमेस्टर को थर्ड सेमेस्टर पेपर, छात्रों का आक्रोश; प्राचार्य ने यूनिवर्सिटी को लिखा पत्र

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित घनश्याम सिंह गुप्त महाविद्यालय में परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बीए प्रथम सेमेस्टर की निर्धारित परीक्षा के दौरान छात्रों को तृतीय सेमेस्टर का प्रश्नपत्र वितरित कर दिया गया। प्रश्नपत्र खुलने के बाद हुई इस बड़ी चूक से परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई और छात्रों की परीक्षा प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार बीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी निर्धारित समय पर परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने के बाद जब छात्रों ने प्रश्नपत्र देखा तो उसमें पूछे गए प्रश्न उनके पाठ्यक्रम से मेल नहीं खा रहे थे। कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि वितरित किया गया प्रश्नपत्र तृतीय सेमेस्टर का है। इस गड़बड़ी के चलते कई छात्र असमंजस की स्थिति में रहे और उनका कीमती समय व्यर्थ हो गया।


छात्र यश कुमार सोरी ने बताया कि उन्होंने प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी की थी, लेकिन अचानक तृतीय सेमेस्टर का प्रश्नपत्र मिलने से वे और अन्य विद्यार्थी घबरा गए। वहीं छात्र बलराम ने कहा कि यह सीधी लापरवाही है और इसका असर उनके परिणाम पर पड़ सकता है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जानी चाहिए ताकि उनके भविष्य के साथ अन्याय न हो।

मामले की शिकायत छात्रों ने तत्काल महाविद्यालय प्रबंधन से की। इस पर महाविद्यालय के प्रिंसिपल ज्योतिष कुमार खलखो ने कहा कि घटना की जानकारी विश्वविद्यालय को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए जांच और उचित समाधान का आश्वासन दिया है।


छात्रों का कहना है कि यदि शीघ्र ही पुनः परीक्षा की घोषणा नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विवश होंगे। अब सभी की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय पर टिकी हैं कि इस परीक्षा गड़बड़ी के मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं और छात्रों के हितों की रक्षा किस प्रकार की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!