Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में ‘स्व-अवेक’ का शानदार आगाज़, 1000 लोगों ने एक साथ किया योग

बालोद। गुरु ग्रेस योगा एंड वेलनेस टीम और जिला प्रशासन बालोद के सहयोग से शुरू हुए तीन दिवसीय “स्व-अवेक” कार्यक्रम का उद्घाटन दिवस ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण रहा। पहले ही दिन करीब 1000 शहरवासियों ने एक साथ योग कर आयोजन को यादगार बना दिया।
सुबह 5 बजे से ही महादेव भवन स्थित योगाभ्यास स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई थीं। प्रवेश-पास के माध्यम से प्रतिभागियों का पंजीयन किया गया और सुबह 6 बजे तक 800 से अधिक लोग स्थल पर पहुंच चुके थे। थोड़ी ही देर में संख्या 1000 के पार पहुंच गई, जिससे पूरा परिसर ऊर्जा और उत्साह से भर उठा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षक धीरज शर्मा ने जुंबा डांसिंग अभ्यास के साथ कार्यक्रम की शुरुआत कर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। मंच पर टीम गुरु ग्रेस योगा एंड वेलनेस स्टूडियो के नियमित योगाभ्यासियों—दिनेश कुमार साहू, रंजीता उपाध्याय, चांदनी साहू और गंजीर सर—ने आकर्षक डेमो प्रस्तुत किया।
प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, व्यापारी वर्ग और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं की बड़ी भागीदारी ने यह साबित किया कि शहर में योग के प्रति जागरूकता और लगाव लगातार बढ़ रहा है। डांसिंग बीट्स पर जमकर जुंबा करने के बाद प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
योग स्थल पर बेहतर व्यवस्था के लिए योगी, योगिनी, बाल योगी, बाल योगिनी, अतिथि और पत्रकारों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस सत्र के बाद आयुष विभाग की ओर से अंकुरित अनाज और स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का पौष्टिक स्वल्पाहार वितरित किया गया।


कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लकी ड्रा रहा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। बेस्ट ड्रेस अप और बेस्ट परफॉर्मेंस के पुरस्कार महिला और पुरुष वर्ग में प्रदान किए गए।
अपने उद्बोधन में अपर कलेक्टर कौशिक ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इस तरह के आयोजनों को शहर के लिए सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने आयोजन टीम को सफल शुरुआत के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला प्रशासन, रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब नेशनल बैंक, एसआर लैब और बालोद टाइम्स का विशेष सहयोग रहा। संचालक धीरज शर्मा ने बताया कि 19 फरवरी को द्वितीय दिवस पर जुंबा, प्राणायाम और योगाभ्यास के साथ “स्व विवेक से जागृत स्व” के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें और अधिक प्रतिभागियों के जुड़ने की संभावना है।
पहले दिन की सफलता ने यह संकेत दे दिया है कि “स्व-अवेक” बालोद में योग और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई जागरूकता की शुरुआत साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!