प्रदेश रूचि

बालोद में पहली राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 की तैयारियाँ शुरू, दुधली में भूमिपूजन और शुभंकर का अनावरण

बालोद। जिले में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 आयोजित होने जा रहा है। डौंडीलोहारा के ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक होने वाले इस आयोजन का भूमिपूजन शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया। इसी दौरान वन भैंसा पर आधारित शुभंकर और विकसित युवा, विकसित भारत थीम वाला लोगो भी जारी किया गया। कार्यक्रम में जंबूरी डायरेक्टर अमर क्षेत्री, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, डीपीआई डायरेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, पूर्व सदस्य राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग यशवंत जैन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश पटेल और बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड सदस्य तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जंबूरी में देशभर से 15 हजार से अधिक रोवर-रेंजर शामिल होंगे। राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोग भी इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सहयोग, अनुशासन और भाईचारे को मजबूत करता है और बालोद के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। विभिन्न वक्ताओं ने इस आयोजन की मेजबानी को जिले के लिए गर्व की बात बताया।

इसी क्रम में मंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की टीमवर्क से जंबूरी को सफल बनाना है। बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात, उद्यानिकी विभाग को सजावटी पौधे, जनसंपर्क विभाग को प्रचार-प्रसार, जल संसाधन विभाग को वॉटर स्पोर्ट्स, वन विभाग को बांस-बल्ली, पीएचई को पेयजल व शौचालय, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली, पीडब्ल्यूडी को प्रवेश सड़क व हेलीपैड, नगरी निकाय को सफाई और पानी टैंकर, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा तथा परिवहन विभाग को वाहन व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन सभी तैयारियाँ समय पर पूरा कर जंबूरी के सफल आयोजन को सुनिश्चित करेगा। अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्काउट-गाइड संगठन के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे। बालोद जिला अब जनवरी में देशभर के युवा स्काउट-गाइडों की मेजबानी के लिए तैयार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!