20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने हासिल किया पहला स्थान, स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर देश में दूसरे स्थान पर
रायपुर को राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में मिला प्रथम पुरस्कार, नगरीय प्रबंधन और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान
रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि में सबसे खास नाम बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा का है, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। वहीं, बिलासपुर नगर निगम ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौर और अधिकारियों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
बिल्हा की उपलब्धि को प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय माना जा रहा है। सीमित आबादी और संसाधनों वाले नगर पंचायत क्षेत्र ने स्वच्छता व्यवस्था, बेहतर प्रबंधन और नागरिक सहभागिता के दम पर देशभर के नगरीय निकायों के बीच पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि प्रभावी कार्ययोजना, स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी और जनभागीदारी के माध्यम से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
इसी तरह बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना नदी तटवर्ती क्षेत्रों की स्वच्छता और नगरीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। वहीं, राजधानी रायपुर को प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार मिलना नगरीय सुविधाओं के विकास और स्वच्छता प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, बताया सामूहिक प्रयासों का परिणाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बिल्हा का देश में प्रथम स्थान, बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान और रायपुर का प्रदेश में अग्रणी प्रदर्शन पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
अरुण साव ने जताई खुशी, जनभागीदारी को दिया श्रेय
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विशेष रूप से बिल्हा का राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि बेहतर इच्छाशक्ति, कार्ययोजना और जनसहयोग से छोटे नगरीय निकाय भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण के माध्यम से देशभर के शहरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिला यह सम्मान प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देने वाला है।
समारोह में ये रहे उपस्थित
पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













