प्रदेश रूचि

बालोद में NH-930 पर 2.8 किमी डिवाइडर निर्माण शुरू, राहगीरों को मिलेगी राहत

बालोद। शहर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 930 पर ट्रांसपोर्ट नगर से जेल मोड़ तक 2.8 किमी लंबे डिवाइडर निर्माण का काम गुरुवार से शुरू हो गया है। यह प्रोजेक्ट शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और सड़क हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

निर्माण कार्य के पहले चरण में सड़क के मध्य हिस्से की ड्रिलिंग की जा रही है, जिसके बाद पूरे मार्ग पर मजबूत डिवाइडर तैयार किए जाएंगे। एनएच विभाग के अनुसार, डिवाइडर के साथ ही 72 स्ट्रीट लाइटें भी स्थापित की जाएंगी, जिससे रात के समय आवाजाही और अधिक सुरक्षित होगी।

डिवाइडर निर्माण शुरू होते ही वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत महसूस की है। वर्षों से इस मार्ग पर डिवाइडर न होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। दोनों दिशाओं से आने वाले वाहन मनचाहे स्थान पर मुड़ जाते थे, जिससे टक्कर की संभावना बढ़ जाती थी। नए डिवाइडर तैयार होने के बाद अब वाहन केवल निर्धारित कट से ही दूसरी साइड जा सकेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन तथा राहगीर गुजरते हैं। शहर की ओर जिला अस्पताल, जेल, स्कूल-कॉलेज और बैंक जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं होने के कारण लोग लगातार सड़क क्रॉस करते हैं। ऐसे में डिवाइडर और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था इस मार्ग को और अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि लंबे समय बाद शुरू हुआ यह कार्य न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करेगा, बल्कि शहर की सुरक्षा संरचना को भी मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!