डौंडी लोहारा: ग्राम भेड़ी के प्राथमिक स्कूल में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को डौंडी लोहारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक इंडक्शन, माइक सेट और स्मार्ट टीवी बरामद किए गए हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राजेश बागड़े के निर्देशन में थाना प्रभारी मुकेश सिंह और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामले की शुरुआत तब हुई जब सहायक शिक्षक धर्मेंद्र देशमुख ने 3 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 नवंबर की सुबह अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और इंडक्शन, माइक सेट बॉक्स और स्मार्ट टीवी चोरी कर ले गए। चोरी गई वस्तुओं की कुल कीमत करीब 19,640 रुपये बताई गई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 144/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान विजय कुमार ठाकुर (31 वर्ष) निवासी भेड़ी और दुष्यंत कुमार उर्फ दिशु सुधाकर (25 वर्ष) निवासी भेड़ी, हाल निवासी आर्य नगर कोहका भिलाई के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुकेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रूमन सोनवानी, प्रधान आरक्षक दिगंबर वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक विनोद, अजय, रवि देशलहरे और भीष्म पिस्दा की अहम भूमिका रही।




















