बालोद। जिले के लिए गर्व का पल तब देखने को मिला जब राज्योत्सव समारोह के मंच से यूपीएससी 2025 के संयुक्त भू वैज्ञानिक परीक्षा में देशभर में दसवां स्थान हासिल करने वाले धर्मेश कुमार देशमुख का सम्मान किया गया।
जिला मुख्यालय बालोद के स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह के शुभारंभ मौके पर, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने धर्मेश को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने धर्मेश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि किसान परिवार से आने वाले धर्मेश ने न सिर्फ बालोद, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल कर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण पेश किया है।
इस अवसर पर राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पूर्व विधायक राजेंद्र राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, केसी पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और वन मंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे। धर्मेश की इस कामयाबी पर मंच से उन्हें बधाई देते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




















