प्रदेश रूचि

बिरनपुर कांड में भाजपा पर सांप्रदायिक कार्ड खेलने का आरोप — विधायक दलेश्वर साहू बोले, सीबीआई चार्जशीट से उजागर हुई सच्चाई

बालोद। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने कहा है कि बिरनपुर घटना को भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए सांप्रदायिक रूप देने की साजिश रची थी। बालोद जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने सीबीआई की चार्जशीट का हवाला देते हुए कहा कि “अब सच्चाई सबके सामने आ गई है।”

राजनैतिक षड्यंत्र होता तो भाजपा होती बेनकाब

विधायक साहू ने कहा कि सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में पूरे घटनाक्रम का विस्तृत विवरण दिया है। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह विवाद दो बच्चों के आपसी झगड़े से शुरू होकर दो परिवारों तक पहुंचा, और फिर धीरे-धीरे दो समुदायों के बीच टकराव का रूप ले लिया।
उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच के बिंदु भाजपा सरकार ने ही तय किए थे। “अगर घटना के बाद कोई राजनीतिक षड्यंत्र होता, तो भाजपा खुद बेनकाब हो जाती,” साहू ने कहा।

भाजपा ने दिया सांप्रदायिक रंग, चार्जशीट ने खोला काला चेहरा

दलेश्वर साहू ने कहा कि सीबीआई की चार्जशीट से यह साफ हो गया है कि उस समय भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर जो आरोप लगाए थे, वे झूठे और मनगढ़ंत थे। भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए घटना को सांप्रदायिक और जातीय रंग देने की कोशिश की।
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने घटना स्थल पर जाकर माहौल को भड़काने का प्रयास किया। “जब वे वहां पहुंचे, तब उनके सामने ही आगजनी की घटनाएं हुईं और उन्होंने भड़काऊ भाषण दिए,” साहू ने कहा।

ईश्वर साहू को टिकट देकर सहानुभूति बटोरने की साजिश

कांग्रेस विधायक ने आगे कहा कि भाजपा ने इस मामले का उपयोग एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ भड़काने के लिए किया। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तक ने अपनी सभाओं में इस घटना को धार्मिक और जातीय विवाद से जोड़कर पेश किया।
साहू ने कहा, “भाजपा ने मृतक भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकट देकर सहानुभूति की राजनीति की और समाज को बांटने की कोशिश की।”

सीबीआई जांच ने कांग्रेस की कार्रवाई को बताया सही

दलेश्वर साहू ने कहा कि सीबीआई जांच से यह भी स्पष्ट हो गया है कि उस समय कांग्रेस सरकार द्वारा की गई गिरफ्तारियां और कार्रवाई पूरी तरह सही और न्यायसंगत थीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाकर जनता को गुमराह किया, जबकि जांच में उन सभी आरोपों का कोई आधार नहीं मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि ईश्वर साहू जिन पर आरोप लगा रहे थे, अजोर यदु, उसे भी सीबीआई ने दोषी नहीं माना है — “यह इस बात का प्रमाण है कि पूरा मामला भाजपा की सोची-समझी राजनीतिक साजिश थी।”

पत्रकार वार्ता में कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक संगीता सिन्हा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, यज्ञदेव पटेल, पार्षद विनोद शर्मा, सतीश यादव, सुमित शर्मा, अनिल यादव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।विधायक दलेश्वर साहू के इस बयान से एक बार फिर बिरनपुर घटना की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर बहस तेज हो गई है। कांग्रेस इसे भाजपा की “सांप्रदायिक साजिश” बता रही है, जबकि भाजपा पहले ही इस मुद्दे पर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!