बालोद।बिजली दरों में वृद्धि और बिजली बिल हाफ योजना बंद किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और नुक्कड़ सभा आयोजित कर सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे युवा
छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर रविवार को स्थानीय बुधवारी बाजार, नयापारा में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने राज्य में बिजली की बढ़ी हुई दरों और कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना को बंद करने के फैसले के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने इस मुद्दे पर आम जनता का समर्थन हासिल करने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन का हिस्सा था।
नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना
शहर अध्यक्ष साजन पटेल ने कहा कि बिजली बिल में बढ़ोतरी और योजना बंद होने से किसानों, मजदूरों, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों पर गंभीर आर्थिक बोझ पड़ा है। पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि बिजली एक बुनियादी आवश्यकता है, जिस पर सरकार को जनता को राहत देनी चाहिए, न कि बोझ डालना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, बिजली बिल की दरों में चार से 10 गुना की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पहले कांग्रेस सरकार के समय बिजली बिल आधा था।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
पार्षद सतीश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि साय सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार मनमाने ढंग से बढ़ाई गई बिजली दरों को वापस नहीं लेती है, तो युवा कांग्रेस एक उग्र आंदोलन करेगी। इस कार्यक्रम में बालोद विधानसभा अध्यक्ष संदीप साहू, जिला प्रशासनिक महामंत्री आदित्य दुबे, उपाध्यक्ष दीपक सानू पाल, देवेंद्र साहू, दिनेश्वर साहू, शहर उपाध्यक्ष फैज अली, अजहर तिगाला, कान्हा, धीरज यादव, पार्षद चंद्रहास साहू सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित थे।




















