बालोद। जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत ओरमा में एसडीएम नूतन कंवर और तहसीलदार आशुतोष शर्मा ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत के रिकॉर्ड, बैठक व्यवस्था और वृक्षारोपण जैसे विकास कार्यों का जायजा लिया। पंचायत के उत्कृष्ट प्रबंधन और सुव्यवस्थित रिकॉर्ड को देखकर अधिकारियों ने सरपंच मंजूलता परस साहू और सचिव संतोष साहू के कार्यों की जमकर सराहना की।
निरीक्षण के समय सरपंच, सचिव सहित सभी पंचगण उपस्थित थे। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए वृक्षारोपण स्थल का दौरा किया, जहाँ सभी पौधे जीवित पाए गए, जिसके लिए उन्होंने पंचायत टीम को बधाई दी। एसडीएम और तहसीलदार ने पंचायत के कार्यों को आदर्श बताते हुए भविष्य के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इस पर सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि उनका लक्ष्य ओरमा को एक ‘मॉडल पंचायत’ के रूप में विकसित करना है।

इस अवसर पर सरपंच ने एक विशेष उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव के 24 परिवारों ने आपसी सहमति और स्वेच्छा से अतिक्रमण छोड़कर भूमि दान की है, जिससे लगभग 5 एकड़ का एक भव्य खेल मैदान बनकर तैयार हो गया है। यह सामुदायिक भागीदारी और विकास का एक अनूठा उदाहरण है।
इस दौरान अपर कलेक्टर नूतन कंवर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, पटवारी तरन्नुम खान, कृषि विस्तार अधिकारी रेणुका साहू, सरपंच मंजूलता परस साहू, उप सरपंच रामचंद्र यादव, सभी पंच और पंचायत के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




















