प्रदेश रूचि

जापान में निवेश से लेकर अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी तक, छत्तीसगढ़ की वैश्विक साझेदारी को मजबूत कर रहे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ वैश्विक मंच पर तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। राज्य लगातार खुद को एक प्रतिस्पर्धी और दूरदर्शी निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

जापान प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री साय ने औद्योगिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूती देने के लिए कई अहम कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें क्षेत्रीय विविधीकरण, व्यापार एवं तकनीकी सहयोग, बुनियादी ढांचा विकास और छत्तीसगढ़ में उभरते निवेश अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

साय ने इस बैठक में राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों, हालिया सुधारों और स्टार्टअप्स व नई पीढ़ी के उद्योगों को मिल रहे सहयोग पर विशेष जोर दिया।

जापान दौरे के दौरान उन्होंने टोक्यो में आयोजित “Deep Space – To the Moon and Beyond” अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि राजनांदगांव में भारत सरकार के सहयोग से स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित होने जा रहा है। यह पहल छत्तीसगढ़ को वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था से सीधे जोड़ने में मददगार साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने जापान में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की और उन्हें राज्य की नई नीतियों, निवेश के अनुकूल माहौल और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर केंद्रित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रवासी भारतीयों ने भरोसा दिलाया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और जापानी निवेशकों को राज्य में अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!