बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार में स्वास्थ्य विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बालोद दौरा भी विवादों से अछूता नहीं रहा। मंत्री जिस दौरे पर अपनी उपलब्धियों को गिनाने आए थे, वहीं उनके रवैये से नाराज स्थानीय पत्रकारों ने पूरे कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
जिला अस्पताल से शुरू हुआ विवाद
गुरुवार को मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बालोद जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सीटी स्कैन मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय पत्रकार कवरेज के लिए मौजूद रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पत्रकार मंत्री से चर्चा और बाइट लेने का इंतजार करने लगे।
लेकिन मंत्री के करीबियों ने पत्रकारों से इंतजार करने की बात कहकर बाहर रोक दिया। पत्रकार सम्मानपूर्वक इंतजार करते रहे, मगर मंत्री ने उनसे मिलने के बजाय रायपुर से आए चुनिंदा मीडिया प्रतिनिधियों को बुलाकर उनसे बातचीत शुरू कर दी।
सुरक्षा कर्मियों ने रोका, बैठक में उलझे मंत्री
जैसे ही यह बात स्थानीय पत्रकारों को पता चली, वे भी मंत्री से मिलने पहुंचे। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने पहले रोकने की कोशिश की, हालांकि बाद में बाइट लेने की बात कहने पर उन्हें जाने दिया। लेकिन पत्रकार मंत्री तक पहुंच पाते, उससे पहले वे विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में व्यस्त हो गए।
पत्रकारों का बहिष्कार, कहा– ‘यह अपमान’
लगातार इंतजार और उपेक्षा से नाराज स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों ने मंत्री के पूरे दौरे के कवरेज का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। पत्रकारों का कहना था कि सुबह से कार्यक्रम की कवरेज कर रहे स्थानीय मीडिया से ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे ‘अपमान’ मानते हुए मंत्री से मुलाकात तक करने से इंकार कर दिया।
नेताओं ने किया ‘मध्यस्थता’ का प्रयास
मामला बढ़ता देख स्थानीय नेताओं ने स्थिति संभालने की कोशिश की। उन्होंने पत्रकारों से मंत्री से मुलाकात करने और बातचीत के लिए आग्रह भी किया, लेकिन पत्रकार अपने साथ हुए व्यवहार से इतने आहत थे कि उन्होंने मंत्री से मिलने से साफ इनकार कर दिया।
लगातार विवादों में स्वास्थ्य मंत्री
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बीते कुछ समय से लगातार विवादों में रहे हैं। बालोद दौरे पर भी जिस तरह से स्थानीय मीडिया की अनदेखी हुई, उसने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।




















