संगठन में नई ऊंचाई, जिले में उत्सव का माहौल
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर रायपुर में हाल ही में जैन ने प्रदेश महामंत्री का पदभार संभाला था, जहां प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, कई विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। अब उनके गृह नगर बालोद में जिला भाजपा ने स्वागत की ऐसी तैयारी की है, जो जिले के राजनीतिक इतिहास में मिसाल बनेगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। उत्साह इस कदर है कि जिलेभर के युवा कार्यकर्ता अपने-अपने मंडलों से दो-पहिया वाहन रैली के जरिए सुबह 10 बजे सरदार पटेल मैदान में जुटेंगे। सुबह 11 बजे विशाल स्वागत रैली सरदार पटेल मैदान से घड़ी चौक, पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार होते हुए मधु चौक तक पहुंचेगी। इसके बाद जिला कार्यालय में दोपहर 1 बजे जैन का भव्य अभिनंदन और नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का परिचयात्मक स्वागत होगा।

समाज और व्यापार जगत भी आगे
भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने भी चौक-चौराहों पर मंच सजाए हैं, जहां जैन का फूल-मालाओं और शॉल-श्रीफल से अभिनंदन किया जाएगा। पूरे शहर को स्वागत बैनरों और होर्डिंग्स से सजा दिया गया है।
यशवंत जैन का सफर – छोटे जिले से बड़ा मुकाम
जैन ने अपनी राजनीतिक यात्रा ABVP से शुरू की और बालोद महाविद्यालय में लगातार दो बार छात्र संघ अध्यक्ष बने। इसके बाद भाजयुमो के प्रदेश मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन को नई मजबूती दी।
भाजपा प्रवक्ता के तौर पर अपनी भाषण कला का लोहा मनवाया और डॉ. रमन सिंह सरकार के दौरान विकास यात्रा का नेतृत्व किया।
वे छत्तीसगढ़ के पहले बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष बने और बाद में 6 साल तक केंद्रीय बाल संरक्षण आयोग में सदस्य रहे। हाल ही में कांकेर जिले के संगठन प्रभारी के रूप में उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने उनकी संगठनात्मक क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें प्रदेश महामंत्री का जिम्मा सौंपा है।
जन्मदिन पर मिला सम्मान, जिले का गौरव
प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहला दौरा और जन्मदिन का यह संयोग बालोद के लिए गर्व का अवसर है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि “छोटे जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने वाले यशवंत जैन का यह सम्मान हर बालोद के लिए गौरव है।”




















