बालोद। जिले में किसानों को समय पर और सही दाम पर खाद मिले, इसके लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। उर्वरक की कालाबाजारी रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
अधिकारियों की मौजूदगी में कई केंद्रों पर सीधे किसानों को खाद बांटी गई। झलमला के ईफको ई-बाजार में 500 किसानों को 600 बैग और अलमला के देवांगन कृषि केन्द्र में 126 किसानों को 223 बैग यूरिया मिला। इसी तरह जिले के अन्य केंद्रों से 428 किसानों को 815 बैग यूरिया और 92 किसानों को 120 बैग डीएपी दिया गया।

इस खरीफ सीजन में अब तक 183 उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण हो चुका है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर 54 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 15 विक्रेताओं पर बिक्री प्रतिबंध और एक का लाइसेंस निलंबित किया गया है। वहीं मलकुंवर के कोठारी कृषि केन्द्र और देवरी के विनायक कृषि केन्द्र का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

जिले को इस सीजन में 77 हजार 307 मी.टन उर्वरक का लक्ष्य मिला है। इसमें से अब तक 61 हजार 028 मी.टन खाद का भंडारण और 57 हजार 653 मी.टन का किसानों द्वारा उठाव किया जा चुका है। सहकारी समितियों में लगातार स्टॉक रखा जा रहा है ताकि किसानों को जरूरत के अनुसार समय पर खाद मिल सके।




















