प्रदेश रूचि

बालोद नगर पालिका को मिला विशेष श्रेणी का पुरस्कार नागरिक प्रतिक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन, स्वच्छता में नया मानक स्थापित

बालोद। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बालोद नगर पालिका ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण, छत्तीसगढ़ द्वारा बिलासपुर के बहतराई इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में बालोद नगर पालिका को “विशेष श्रेणी पुरस्कार” और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय थे, जबकि अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की। इस अवसर पर नगरी प्रशासन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिक, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बिलासपुर, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव और महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बालोद नगर पालिका को यह पुरस्कार स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में दुर्ग संभाग स्तर पर शिकायत निवारण, डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण, स्त्रोत पर कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट प्रसंस्करण, दर्शनीय स्वच्छता और नागरिक प्रतिक्रिया में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया।

यह सम्मान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और उनकी टीम को प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, स्वच्छता सभापति प्रीतम यादव, पार्षद गिरजेश गुप्ता, नोडल अधिकारी संदीप साहनी और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।

बालोद नगर पालिका का यह प्रदर्शन न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!