बालोद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। जहां एक ओर कांग्रेस चैतन्य के समर्थन में सड़कों पर उतर आई है, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बालोद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर “पुत्र मोह” में राजनीति को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर का निशाना
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस से सीधा सवाल किया, “चैतन्य बघेल कांग्रेस में किस पद पर हैं? फिर कांग्रेस किस अधिकार से उनके समर्थन में प्रदर्शन कर रही है?”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह भूपेश बघेल के पारिवारिक हितों की रक्षा में जुट गई है और यह छत्तीसगढ़ की जनता के साथ सरासर धोखा है।
“चोरी ऊपर से सीना जोरी” — राकेश यादव
पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने कहा कि, “भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कांग्रेस आम जनता को परेशान कर रही है। इसे ही कहते हैं — चोरी ऊपर से सीना जोरी।”
उन्होंने शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि जनता का पैसा लूटा गया और अब जब जांच में आरोपियों की परतें खुल रही हैं, तो कांग्रेस उन्हें बचाने सड़क पर उतर आई है।
यादव ने तंज कसते हुए कहा, “जब विपक्ष सवाल करता था, तब भूपेश बघेल कहते थे कि बिजली बंद कर दो। अब जब सच्चाई सामने आ रही है, तो क्या वे खुद अपने घर की बिजली बंद करेंगे?”
कोल ब्लॉक मामला: कांग्रेस के दोहरे चरित्र का आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कोल ब्लॉक आवंटन और पर्यावरणीय स्वीकृति से जुड़े आदेशों का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि:भूपेश बघेल ने राजस्थान के तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कोल ब्लॉक आवंटित किया।इन खदानों का ऑपरेटर अडानी को बनाया गया।राजस्थान सरकार के मंत्री बी.डी. कल्ला और सीएम गहलोत ने खुद पत्राचार किया था।
देशमुख ने तथ्यों के साथ बताया कि:
16 अक्टूबर 2019 को पर्यावरणीय स्वीकृति की सिफारिश की गई,
31 मार्च 2021 को एमओयू साइन हुआ,
19 अप्रैल 2022 को स्टेज-1 और
23 जनवरी 2023 को स्टेज-2 वन स्वीकृति की सिफारिश भेजी गई।
भाजपा ने कांग्रेस से पूछे तीन तीखे सवाल
1. क्या कांग्रेस अब मनमोहन सिंह सरकार के फैसलों पर माफी मांगेगी?
2. क्या भूपेश बघेल अपने कथन के अनुसार अपने घर और राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे?
3. क्या कांग्रेस हर आरोपी के समर्थन में ऐसे ही खड़ी होगी, जैसे भूपेश बघेल के पुत्र के लिए खड़ी है?
प्रेस वार्ता में मौजूद रहे ये नेता
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला मंत्री राजेश दसोडे, हरिश कटझरे, कमल पनपालिया, बलराम गुप्ता, वीरेन्द्र साहू, शेखर वर्मा, नरेंद्र सोनवानी, बिल्ला मनहर समेत अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















