Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में आश्रम की आड़ में शर्मनाक हरकतें! वार्डवासियों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी को सौंपा गया ज्ञापन

बालोद।तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक और योगा अभ्यास के नाम पर लोगों को बहकाने वाले दीनदयाल फाउंडेशन आश्रम के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। वार्ड क्रमांक 20, पाररास में संचालित इस आश्रम के संचालक का एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सोमवार को स्थानीय वार्डवासियों ने बालोद एसपी को आवेदन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वार्ड 20 के पार्षद कश्मूदीन कुरैशी ने बताया कि यह आश्रम पिछले पांच वर्षों से बाहर के व्यक्तियों द्वारा संचालित किया जा रहा है और 50 डिसमिल से अधिक शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आश्रम में तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक जैसे गतिविधियां कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है, जिससे पूरे वार्ड में भय का वातावरण है।

वायरल ऑडियो-वीडियो ने खोली परतें
सोशल मीडिया पर बीते दो दिनों से एक वीडियो और ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आश्रम से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची से अश्लील हरकत करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में आश्रम संचालक उक्त व्यक्ति को डांटते भी नजर आ रहे हैं। एक अन्य वायरल ऑडियो में संचालक बच्ची से यह भी कह रहे हैं कि इस बात की जानकारी माता-पिता को न दी जाए।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि इस आश्रम में कई अन्य बच्चियों के साथ भी इसी प्रकार की घटनाएं हुई हो सकती हैं। पूर्व में भी संचालक के खिलाफ शिकायतें दी गई थीं, पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एसपी से की गई मांगें
वार्डवासियों ने एसपी से इस पूरे मामले की गंभीर जांच कर आश्रम संचालक समेत संलिप्त अन्य लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज करने, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और आश्रम की गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। इस दौरान पार्षद कश्मूदीन कुरैशी, ग्राम प्रमुख गिरवर साहू, ग्राम समिति उपाध्यक्ष लोकनाथ साहू, नरेंद्र साहू, दिलीप सिन्हा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
एसपी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वायरल हुए ऑडियो और वीडियो में एक नाबालिग बच्ची की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील बातें होने के कारण हम उन्हें प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं। ‘प्रदेशरुचि’ वायरल सामग्री की सत्यता का कोई दावा नहीं करता। यह पूरी खबर वार्डवासियों की शिकायत और उपलब्ध प्राथमिक जानकारी पर आधारित है। मामले की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही संभव होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!