Skip to main content

प्रदेश रूचि

भारत स्काउट्स और गाइड्स बालोद संघ की वार्षिक कार्ययोजना बैठक संपन्न, सेवा कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

बालोद।भारत स्काउट्स और गाइड्स जिला संघ बालोद की वार्षिक कार्ययोजना बैठक गुरुवार को जिला मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने की। इस दौरान बीते वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं पर गहन मंथन किया गया।

बैठक में अंशदान पंजीयन, व्यक्तिगत वारंट शुल्क और राज्य/जिला सदस्यता अभियान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही तृतीय सोपान जांच शिविर तथा राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र वितरण की तैयारियों पर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सेवा कार्यक्रमों पर विशेष फोकस
बैठक में आगामी प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। खासतौर पर 19 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रेरणादायक सामाजिक सेवा गतिविधियों के आयोजन का निर्णय लिया गया। वहीं, 20 जुलाई को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिलेभर में दो लाख पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें स्काउट्स और गाइड्स की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

बैठक में रही उत्साहजनक भागीदारी
बैठक में जिला संगठन आयुक्त, विभिन्न स्कूलों के स्काउटर-गाइडर, पदाधिकारी और सदस्यगण मौजूद रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में गुण्डरदेही के बीईओ नवीन यादव, डौंडी लोहारा के हिमांशु मिश्रा, बालोद की बीईओ मोहनी यादव, जिला सचिव के.एल. गजेंद्र, डीओसी गाइड प्रेमलता चंद्राकर, डीओसी स्काउट नेम सिंह साहू, जिला संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, मीडिया प्रभारी मिलन सिंह सिन्हा, कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया, डीटीसी स्काउट भुवन सिन्हा, डीटीसी गाइड सीमा साहू समेत सभी ब्लॉक सचिव एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समर्पण और सेवा का संदेश
बैठक के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्काउट-गाइड आंदोलन को समाजहित में और प्रभावशाली बनाने हेतु एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!