रायपुर, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) को लेकर छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग अब सख्त रवैया अपनाने जा रहा है। परिवहन सचिव सह आयुक्त एस. प्रकाश की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पुलिस एवं प्रवर्तन अमला चालानी कार्रवाई करेगा।
बैठक में HSRP ऑर्डर में कमी पर नाराजगी जाहिर करते हुए सचिव ने आदेशों की संख्या दोगुनी करने और संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने धमतरी, जशपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, बैकुंठपुर, रायपुर व बिलासपुर जिलों के परिवहन अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर कारगर कार्ययोजना बनाने को कहा।
ये रहे प्रमुख निर्देश:
पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जाए।
सभी तहसील मुख्यालयों, ग्रामीण कस्बों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में HSRP फिटमेंट कैम्प लगाए जाएं।
भिलाई स्टील प्लांट के स्टाफ पार्किंग एरिया में विशेष शिविर लगाया जाए।
पेट्रोल पंप व सार्वजनिक स्थलों पर बैनर/पोस्टर के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाए।
HSRP वेंडर कंपनियां जिला व तहसील स्तर पर स्थायी फिटमेंट सेंटर स्थापित करें और मैनपावर बढ़ाएं।
परिवहन अधिकारी इन सेंटरों का निरंतर निरीक्षण करें।
आगामी सप्ताह में फिर से होगी समीक्षा बैठक।
छत्तीसगढ़ में वाहन सुरक्षा को लेकर यह एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल वाहन चोरी पर रोक लगेगी बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन भी अधिक सुदृढ़ होगा।




















