Skip to main content

प्रदेश रूचि

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल: कबीर मंदिर में “प्रोफेशनल मीट”, मंच से गूंजा भारत की चेतना का स्वर

बालोद, ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बालोद के कबीर मंदिर, शिकारीपारा में राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच द्वारा “विकसित भारत का अमृतकाल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 गौरवपूर्ण वर्ष” विषय पर प्रोफेशनल मीट का आयोजन हुआ। आयोजन में सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर चर्चा के साथ, भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में समाज की भूमिका पर जोर दिया गया।

 

रंजना साहू बोलीं – “मोदी सरकार भविष्य की नींव रख रही है”

मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश ने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण जैसे ऐतिहासिक कदमों के साथ पांचवीं सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था का दर्जा पाया है।
उन्होंने कहा, “मोदी सरकार केवल वर्तमान नहीं, बल्कि आने वाले 20-25 वर्षों की दिशा तय कर रही है। नोटबंदी, काले धन पर कार्रवाई और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के जरिए यह सरकार राष्ट्र निर्माण की ठोस नींव रख रही है।”

यशवंत जैन ने दिलाई जिम्मेदारियों की याद

वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत जैन ने अपने वक्तव्य में कहा कि “देश को अगर विश्वगुरु बनाना है तो नागरिकों को केवल अधिकार नहीं, अपने कर्तव्यों का भी पालन करना होगा। जब 140 करोड़ लोग योजनाओं के साथ कदम मिलाकर चलेंगे, तब भारत सचमुच विकसित राष्ट्र बन पाएगा।”
उन्होंने भ्रष्टाचार-मुक्त शासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया।

चेमन देशमुख बोले – प्रोफेशनल वर्ग भी जुड़े भारत निर्माण से

भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 सालों में भारत हर क्षेत्र में अग्रणी बना है।
“यह प्रोफेशनल मीट समाज के जागरूक वर्ग को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ जैसे मुद्दों पर समाज की रचनात्मक भागीदारी बेहद आवश्यक है।”

जगदीश देशमुख की कविता में दिखा देशभक्ति का ज्वार

राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार जगदीश देशमुख ने मोदी युग को विवेकानंद काल के समान बताते हुए कहा,
“मोदी जी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के वैचारिक अध्याय हैं। जैसे स्वामी विवेकानंद ने आत्मा को जगाया, वैसे ही मोदी जी ने भारत की चेतना को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिष्ठा दिलाई है।”
देशमुख की यह कविता मंच का भावनात्मक चरम बनी: “उनके सिंदूर को हरगिज़ हम सजा नहीं सकते,उन पर क्या बीत रही, उसे हम कह नहीं सकते।ऑपरेशन सिंधु सौगंध है, प्रतिशोध का अनुबंध है,कराची-लाहौर में गूंजे भारत का जन गण मन।”

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव ने किया। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज के प्रबुद्ध वर्ग को राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का एक माध्यम है।

मंच और सभा में मौजूद रहे अनेक विशिष्टजन

इस अवसर पर पेंशनधारी कल्याण संघ अध्यक्ष डॉ. आर.एम. चावड़ा, सेवानिवृत्त BEO डी.आर. गजेंद्र, प्राचार्य बी.आर. बेलसर सहित ओंकार प्रसाद साहू, अधिवक्ता राम सहाय साहू, संगीता बाला शर्मा, आर.के. साहू, चोवाराम निषाद, सुरेंद्र ताम्रकार, कन्हैयालाल कौशिक, आई.एन. योगी, डीडी साहू, घनश्याम सिंह साहू, अधिवक्ता नर्मदा निषाद, सोनम यादव, नीतू सोनवानी, विवेक वैष्णव,राम नायक,अमित चोपड़ा, कमलेश सोनी , गिरिजेश गुप्ता,राजू पटेल,सुरेंद्र देशमुख महेश पाठक, संध्या भारद्वाज,आदि गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!