प्रदेश रूचि

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “वन अर्थ, वन हेल्थ”….विधायक ललित चंद्राकर बोले – मोदी के नेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान

बालोद। 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर शुक्रवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने एक प्रेसवार्ता ली। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक मान्यता दिलाने के प्रयासों के तहत संयुक्त राष्ट्र महासभा में 177 देशों ने इसका समर्थन किया, जिसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि धरती के समग्र स्वास्थ्य की चिंता को भी दर्शाती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से आज योग न केवल भारत की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि एक सशक्त वैश्विक आंदोलन बन चुका है। वर्तमान में भारत की योग आधारित अर्थव्यवस्था 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की हो गई है और करीब 1 लाख प्रमाणित योग शिक्षक 190 देशों में सक्रिय हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एनएसएसओ के एक हालिया सर्वेक्षण के अनुसार देश के लगभग 2.5 करोड़ घरों में कम से कम एक सदस्य नियमित रूप से योग करता है, जो योग के प्रति बढ़ते जनमानस के रुझान को दर्शाता है। योग को महज शारीरिक व्यायाम न मानते हुए विधायक ने कहा कि यह एक पूर्ण जीवनशैली है जो तन, मन और आत्मा को संतुलित करती है। योग की उत्पत्ति आदि योगी शिव से मानी जाती है, जबकि महर्षि पतंजलि ने इसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण से व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि वर्चुअल ग्लोबल योग समिट का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जीवनशैली में बढ़ती जटिलताओं और बीमारियों के बीच योग ही संतुलन और स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी उपाय है।

भाजपा द्वारा जिला स्तर पर व्यापक आयोजन
विधायक ने कहा कि भाजपा इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में योग जागरूकता सत्र, प्रशिक्षण और कार्यशालाएं आयोजित कर रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता विभिन्न तीर्थ और पर्यटन स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

प्रेसवार्ता में ये रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, वरिष्ठ नेता यशवंत जैन, कृष्णकांत पवार, पवन साहू, यज्ञदत्त शर्मा, महामंत्री राकेश छोटू यादव, योग संयोजक राकेश द्विवेदी, राजेश दशोड़े, संजय साहू, कमल पनपालिया, संतोष साहू, वीरेंद्र साहू सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!