प्रदेश रूचि

265 ने नेत्रदान, 40 ने किया रक्तदान…बालोद में महेश नवमी पर्व बना सेवा, श्रद्धा और संस्कृति का संगम

महेश नवमी पर्व: माहेश्वरी समाज ने बालोद में सेवा, संस्कार और श्रद्धा के साथ रचा आयोजन का नया कीर्तिमान

265 ने नेत्रदान का लिया संकल्प, 40 ने दिया रक्तदान, विशालकाय शिवलिंग रहा आकर्षण का केंद्र

बालोद। बुधवार को जिला मुख्यालय बालोद सहित आस-पास के अंचलों में माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और समाज सेवा के भाव के साथ भव्य रूप में मनाया गया। समाज द्वारा हर वर्ष ज्येष्ठ शुक्ल नवमी को अपने वंशज दिवस के रूप में यह पर्व महोत्सव के रूप में मनाया जाता है।

इस वर्ष भी नगर के गंजपारा स्थित माहेश्वरी भवन में दिनभर विविध आयोजन हुए, जिनमें सेवा, स्वास्थ्य, संस्कार और सम्मान को प्राथमिकता दी गई। समाज द्वारा आयोजित नेत्रदान शिविर में कुल 265 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया, जिनमें 175 दाताओं की भागीदारी माहेश्वरी समाज से रही। इसके अतिरिक्त 62 लोगों का हेल्थ चेकअप, 70 की नेत्र जांच और 40 लोगों ने रक्तदान कर इस महोत्सव को एक सामाजिक अभियान का रूप दिया।

मुख्य अतिथियों ने की सराहना

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में कोरर निवासी नंदकिशोर राठी, कुरूद निवासी रमेश केला, गुरुर निवासी निधि टुवानी एवं राजनांदगांव से सुषमा राठी मंच पर उपस्थित रहीं।

संपूर्ण नगर में दिखा पर्व का उल्लास

महेश नवमी के उपलक्ष्य में समाज के सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पर्व को सम्मान दिया। आयोजन के दो दिन पूर्व समाज द्वारा नगर के प्रत्येक घर में महेश ध्वज वितरित कर घर-घर पर भगवा ध्वज फहराया गया, जिससे नगर का वातावरण भक्तिमय और समाजिक एकता का प्रतीक बन गया।

शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

दिनभर चले विभिन्न आयोजनों के बीच शाम 5 बजे निकाली गई शोभायात्रा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। यह यात्रा गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, घड़ी चौक, दल्ली चौक से होते हुए दशौंदी तालाब पहुंची। शोभायात्रा में महिलाएं, बच्चे, युवा और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। धुमाल की धुन और विशालकाय शिवलिंग की प्रतिमा ने सभी को आकर्षित किया। शोभायात्रा के पश्चात जलेश्वर महादेव में विधिवत पूजन और सामूहिक आरती सम्पन्न हुई। अंत में रात्रि 8 बजे भोज का आयोजन हुआ।

समर्पण भाव से सजे आयोजन, कार्यकर्ताओं ने निभाई जिम्मेदारी

महेश नवमी महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने समाज के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अत्यंत समर्पण के साथ भूमिका निभाई। अध्यक्ष – स्वरूप राठी सचिव – संजोग टावरी,कोषाध्यक्ष – धर्मेंद्र टावरी,कार्यक्रम प्रभारी – अशोक टुवानी, प्रमोद पनपालिया

आयोजन में विशेष जिम्मेदारियों का वितरण भी किया गया, जिसमें –शोभायात्रा प्रभारी – मनोज कुमार चांडक, ओम जाजू, माहेश्वरी युवा मंच,शिव पूजन प्रभारी – पुरुषोत्तम टुवानी, मधुसूदन मंत्री, सुरेश मंत्री, नरेश कुमार टावरी, राजेन्द्र कुमार चांडक,भोजन व्यवस्था – धर्मेंद्र कुमार टावरी, महेश कुमार चांडक, तरुण कुमार राठी, संजय कुमार गांधी, गिरिराज जाजू,प्रतिभा सम्मान समारोह – रवि कुमार जाजू, दानेश्वर तापड़िया, अरुण कुमार काबरा

समाज सेवा और संस्कृति का संगम

इस आयोजन ने एक बार फिर यह प्रमाणित किया कि माहेश्वरी समाज न केवल धर्म और संस्कृति का पोषक है, बल्कि सामाजिक सेवा का भी प्रेरक उदाहरण है। नेत्रदान, रक्तदान, स्वास्थ्य जांच और सामूहिक भागीदारी से यह पर्व संपूर्ण बालोद के लिए प्रेरणास्त्रोत बना।

——————_——————————

🔔 एक अपील – आइए जुड़िए ‘प्रदेशरुचि’ से!

📢 अगर आप भी चाहते हैं कि आपके क्षेत्र, समाज, संस्कृति और सेवा कार्यों की सच्ची खबरें पूरे प्रदेश तक पहुँचें…
तो आज ही जुड़िए ‘प्रदेशरुचि (सच्ची खबर, पक्की खबर)’ के साथ –

✅ स्थानीय समाचार
✅ सांस्कृतिक आयोजन
✅ समाज सेवा और सम्मान समारोह
✅ स्वरोजगार, शिक्षा और सफलता की कहानियाँ

📲 संपर्क करें/WhatsApp: 9406208242

📰 प्रदेशरुचि – क्योंकि आपकी खबर, अब पूरे प्रदेश की खबर है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!