प्रदेश रूचि

बालोद नगर पालिका का पहला बजट प्रस्तुत, विपक्ष का विरोध – अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने विकास को बताया प्राथमिक लक्ष्य

बालोद। नगर सरकार के गठन के बाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बुधवार को अपना प्रथम वार्षिक बजट 2025-26 प्रस्तुत किया। पालिका सभागार में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में उन्होंने अनुमानित आय 3049.00 लाख रुपये और अनुमानित व्यय 3046.46 लाख रुपये का बजट पेश किया, जिसमें 2.54 लाख रुपये का लाभ अनुमानित किया गया है। विशेष बात यह रही कि इस बजट में कोई अतिरिक्त कर भार नगरवासियों पर नहीं डाला गया।

विकास पर फोकस, कर रहित बजट

अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बताया कि यह बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि बजट में प्राथमिकता मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, शहर की सौंदर्यकरण परियोजनाओं और सामाजिक योजनाओं को दी गई है। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों में तांदुला रिवर फ्रंट का निर्माण, प्रमुख चौकों का सौंदर्यकरण, तालाबों की सफाई, बुधवारी बाजार का व्यवस्थापन, महिलाओं के लिए पृथक व्यायामशाला, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, योग व खेल प्रोत्साहन, गौधाम योजना, महतारी सदन का संरक्षण और शहर प्रवेश द्वार का निर्माण जैसी परियोजनाओं को शामिल करने की जानकारी दी।

प्रतिभा चौधरी ने स्पष्ट किया कि बजट में शामिल 25 करोड़ रुपये की राशि से नाली और जल निकासी व्यवस्था सुधार सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विकास कार्य कराए जाएंगे।

विपक्ष का बजट पर तीखा विरोध

वहीं इस बजट का कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया। बजट को “कागजी और झूठा आश्वासन” बताते हुए उन्होंने इसे आमजन के साथ “छलावा” बताया। वरिष्ठ पार्षद कसमुद्दीन कुरैशी ने मूलभूत समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बजट में व्यवस्थित नाली व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, और बाजार का ठोस व्यवस्थापन जैसी बुनियादी आवश्यकताओं का कोई ठोस समाधान नहीं है।

पार्षद सतीश यादव ने बाजार व्यवस्थापन को केवल दिखावटी बताया और कहा कि पहले किए गए वादे अभी तक अधूरे हैं। युवा पार्षद सुमित शर्मा ने बजट को “अनुमान मात्र” करार दिया और कहा कि इसके पीछे कोई ठोस कार्य योजना नहीं है।

विरोध स्वरूप कांग्रेस पार्षदों ने बजट की प्रतियां फाड़कर नारेबाजी की और बैठक से बहिर्गमन कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्षद विनोद बंटी शर्मा, सुनील मालेकर, निर्देश पटेल, रीता सोनी, किरण साहू सहित अन्य मौजूद रहे।

जनता के हितों की प्राथमिकता : उपाध्यक्ष

नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने बजट को आमजन का बजट बताया और कहा कि यह हर वर्ग की चिंता करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार से विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी और शहर को नई पहचान दिलाने की दिशा में नगर सरकार पूरी तत्परता से कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!