Skip to main content

प्रदेश रूचि

घर-घर दस्तक, संगठन से जुड़ेंगे नए चेहरे; बालोद में विहिप ने फूंका अभियान का बिगुल

हितचिंतक अभियान का बालोद शहर में हुआ शुभारंभ, जिला बैठक में बनी कार्ययोजना; ऑनलाइन सदस्यता के साथ ऑफलाइन पंजीयन की भी व्यवस्था

बालोद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बालोद जिले में संगठनात्मक विस्तार और हिंदू परिवारों को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 10 हजार हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए संगठन के कार्यकर्ता जिलेभर में घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे और हितचिंतक अभियान के माध्यम से सदस्यता दिलाएंगे। अभियान की शुरुआत शनिवार को बालोद शहर में की गई।

इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद बालोद जिला संगठन की बैठक कला केंद्र भवन में आयोजित हुई। बैठक में प्रांत संयोजिका शशि बंछोर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान 22 नवंबर से प्रारंभ हुए हितचिंतक अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई तथा संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए शशि बंछोर ने हितचिंतक अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक हिंदू परिवार तक पहुंचने और उन्हें अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए व्यापक जनसंपर्क और परिवारों की सहभागिता जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी क्षेत्रों में घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बनेगी सदस्यता

इस बार विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन ने हितचिंतक अभियान के तहत सदस्यता प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत इच्छुक लोगों को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जोड़ा जाएगा। इसके लिए संगठन के कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। वहीं, जिन क्षेत्रों में मोबाइल के माध्यम से सदस्यता प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई होगी, वहां ऑफलाइन पंजीयन के लिए सदस्यता पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बैठक में इन पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य, शहर में शुरू हुआ जनसंपर्क

बालोद जिला संगठन को इस अभियान के तहत 10 हजार हितचिंतक बनाने का लक्ष्य दिया गया है। बैठक के बाद प्रांत संयोजिका की उपस्थिति में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात संगठन के कार्यकर्ताओं ने बालोद शहर में घर-घर और लोगों के बीच पहुंचकर संपर्क किया तथा इच्छुक लोगों को हितचिंतक के रूप में संगठन से जोड़ा।

बैठक में राजनांदगांव विभाग संयोजिका मातृशक्ति सत्या साहू, विहिप जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ममता यदु, डौंडीलोहारा नगर अध्यक्ष प्रतीक लोढ़ा, गुरुर प्रखंड अध्यक्ष आशीष साहू, जिला सह मंत्री प्रेम शुक्ला एवं उमेश सेन, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, जिला नैतिक शिक्षा प्रमुख संतोष चौरसिया, बजरंग दल जिला संयोजक प्रदीप मिनपाल, विधि प्रकोष्ठ जिला सह संयोजिका संगीता शर्मा सहित अधिवक्ता सदस्य प्रियंका सिंह, हर्षा साहू, लोकेश्वरी, कांति साहू, ऊषा साहू और सावित्री सोनी समेत बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!