होलिका के राख से एक-दूसरे को लगाया तिलक
होली की पूर्व संध्या गुरुवार को नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लोग होलिका दहन के समय लकडयिों से बनाई गई होलिका के आसपास इकट्ठा हुए। ग्रामीण इलाकों में युवक अपने-अपने गांव की सीमा के बाहर मशाल जलाकर रास्ता रौशन किया। मान्यता है कि ऐसा करने से वे अपने गांव से दुर्भाग्य और संकटों को दूर भगाते हैं। होलिका दहन की राख से ही लोगों ने होली की शुरुआत की, जो बहुत ही शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे जीवन में आने वाली कई बलाए स्वयं ही टल जाती है। होलिका के जलते ही ग्रामीण इलाकों में लोक-पारंपरिक गीतों के साथ गांव बुजुर्गों ने ताल ठोकी। एक से बढ़कर एक लोकधुनों के साथ होली के गीत गाए गए। उसके बाद होलिका की राख से एक-दूसरे को तिलक लगाया और बधाई दी।
ढोल व मजीरे की थाप पर झूमते हुए मनाई होली
नगर सहित ग्रामीण अंचलों में रंगों का पर्व होली पर सुबह से ही ढोल नगाड़े की थाप पर फाग गाते हुए युवाओं की टोली भ्रमण पर निकल गई। मित्रों व चाहने वालों को रंग में सराबोर कर सभी ने खूब लुत्फ उठाया। होली पर बच्चो सहित बुजुर्गों का उल्लास देखते ही बन रहा था। नीला, पीला, हरा, गुलाबी रंग से रंगे नागरिक गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दीं। रंगों के इस अनूठे पर्व को मनाने में महिलाएं वबच्चों भी पीछे नहीं दिखीं। महिलाएं भी ग्रुप बनाकर होली खेलीं। कई मोहल्लों में तो उत्साही युवाओं की टोलियों द्वारा डीजे की धुन पर थिरकते हुए होली मनाई गई। लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ ही इस त्योहार पर एक दूसरे को गुलाल लगाकर मनाई। सुबह से देर शाम तक लोग होली के रंगों में रंगे रहे। और होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा….पारंपरिक गीत की आवाज गूंजती रही। उत्साह उमंग के त्योहार के मौके पर पूरा जिला मस्ती में डूबा रहा।
शुभ मुहूर्त में किया गया होलिका दहन
चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर सजाई गई होलिका का शुभ मुहूर्त में दहन किया गया। इससे पहले महिलाओं व पुरुषों ने होलिका का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। गुरुवार को सुबह के समय घरों में पूर्णिमा पर पूजा की गई। होलिका दहन पर खूब रंग-गुलाल उड़ा और लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन किया गया। इसके लिए पिछले कई दिनों से लकड़ियों को एकत्र करने का काम शुरू हो गया था। होलिका दहन से पूर्व श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ होलिका का पूजन किया। महिलाओं ने होलिका का पूजन कर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। शहर के पुराना बस स्टेंड ,बुधवारी बाजार,इंदिरा चौक सहित अन्य वार्डो में विधिवत होलिका पूजन किया गया। इसके बाद मंगल की कामना करते हुए होलिका दहन किया गया।