Skip to main content

प्रदेश रूचि

विजयादशमी पर बालोद पुलिस ने किया शस्त्र पूजन, हर्ष फायर के साथ निभाई परंपरा

पुलिस लाइन में हवन-पूजन कर जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना, एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनसेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए किया प्रेरित

बालोद। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को पुलिस लाइन बालोद में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन एवं हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शस्त्रागार में रखे शस्त्रों तथा शासकीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार और हवन के माध्यम से जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

भारतीय परंपरा में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए बालोद पुलिस ने आम नागरिकों की सुरक्षा, जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराया।

पूजन के बाद अधिकारियों ने किया हर्ष फायर

शस्त्रों और शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम में उपस्थित राजपत्रित एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायर किया। इस दौरान पुलिस बल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप विजयादशमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया।

सभी थानों और चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन

विजयादशमी के अवसर पर जिले के सभी थानों, चौकियों और शस्त्रागारों में भी शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ इस पारंपरिक आयोजन में भाग लिया।

एसपी ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने विजयादशमी पर जिले के नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ जनसेवा करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, एसडीओपी बोनिफास एक्का, एसडीओपी विनय कुमार, एसडीओपी श्रुति सिंह और रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!