
कलेक्टर ने कमार समाज के आय संवर्धन एवं जीविकोपार्जन में वृद्धि हेतु दी जा रही बांस हस्तकला पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। आदिवासी विकास विभाग की उपायुक्त श्रीमती माया वारियर ने बताया कि अलग-अलग समूह बनाकर यहॉ कमार समाज के 150 लोगों को बांस के सोफा सेट, पलंग, नाईट लैम्प व सजावटी सामान जैसे उपयोगी सामग्रियों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे वे आत्मनिर्भर होकर अधिक से अधिक आय संवर्धन कर सकें। उन्होंने बताया कि सुकड़ीगुहान के कमार समाज के लोगों के द्वारा नियमित रूप से बांस का सुपा, टोकरी आदि सामग्री तैयार व विक्रय कर अपना जीविकोपार्जन कर रहे हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को मुर्गीपालन तथा बकरीपालन के लिए भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उचित मूल्य की दुकान से राशन मिलने तथा पारा में बिजली, पेयजल की उपलब्धता आदि की भी जानकारी ली। इस अवसर पर जनपद पंचायत डौण्डी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस.राज, ग्राम पंचायत सरपंच व अन्य लोग मौजूद रहे




















