Skip to main content

प्रदेश रूचि

हर घर तिरंगा अभियान बनेगा राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता का भव्य माध्यम : यशवंत जैन

बस्तर में 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का शहीदों के नाम पर होगा नामकरण

उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और प्रदेश महामंत्री व तिरंगा अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने साझा की प्रदेशव्यापी अभियान की रूपरेखा

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

बस्तर के दुर्गम इलाकों में पहली बार लहराएगा तिरंगा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर के ऐसे नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्र, जहां पहले राष्ट्रीय ध्वज फहराना संभव नहीं था, वहां इस वर्ष 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और ऐतिहासिक क्षण होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना, संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना है।

प्रदेश की 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों के साथ बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। अभियान को लेकर नगरीय निकायों, जिला पंचायतों और पार्टी पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठकें हो चुकी हैं।

10 अगस्त को रायपुर से निकलेगी ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

राजधानी रायपुर में 10 अगस्त को सुबह 10 बजे मरीन ड्राइव से प्रदेशव्यापी तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे।

प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल तिरंगा’ अभियान की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपने घर, दुकान, संस्थान और कार्यालय पर तिरंगा फहराने तथा तिरंगे के साथ अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।

यशवंत जैन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ राष्ट्र निर्माताओं के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भव्य माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रदेश के सभी वर्गों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा राष्ट्र और संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करने का आह्वान किया।

बस्तर में पहली बार 92 गांवों में फहरेगा तिरंगा

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर संभाग में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार पूरे बस्तर में राष्ट्रीयता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभूतपूर्व अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को बीजापुर के 33 गांवों, सुकमा के 50 गांवों और नारायणपुर के 9 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों को भी तिरंगा यात्रा के माध्यम से जोड़ा जाएगा।

बाइक रैली में शामिल होंगे युवा

बस्तर संभाग में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय युवा और आम नागरिक भव्य बाइक रैली निकालेंगे। रैली के माध्यम से बस्तर के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

शहीद परिवारों के घर पहुंचकर सम्मान

विजय शर्मा ने बताया कि भाजयुमो और पार्टी कार्यकर्ता शहीद जवानों के परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें तिरंगा भेंट कर रहे हैं और उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के अवसर पर बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण देश और प्रदेश के अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और शहीदों के सम्मान की सामूहिक अभिव्यक्ति है। अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के हर हिस्से में तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!